50 रन, 18 गेंद… 19 सालों में पहली बार! मुंबई इंडियंस ने आखिरी 3 ओवरों में कर दिया IPL इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर
PBKS vs MI: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ 6 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई ने एक गेंद शेष रहते ही मैच जीतकर इतिहास रच दिया.
IPL 2026, Mumbai Indians: 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में गुरुवार (14 मई) को एक बेहद रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 200 रन बनाए थे. जवाब में मुंबई की टीम ने 19.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की. मुंबई की इस जीत के हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने 33 गेंदों पर 75 रनों की धमाकेदार पारी खेली. इस जीत के साथ ही मुंबई ने वो कारनाम कर दिखाया, जो पिछले 19 सालों के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था.
मुंबई इंडियंस ने रच दिया इतिहास
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने मैच के आखिरी तीन ओवरों में ऐसा कमाल किया, जो आईपीएल इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था. दरअसल, 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को जीत के लिए आखिरी 3 ओवर्स यानी 18 गेंदों में 50 रनों की दरकार थी और मैच पूरी तरह से पंजाब हाथों में लग रहा था. लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मैच का पासा पलट दिया और 3 ओवर में 54 रन बनाकर मुंबई को धमाकेदार जीत दिलाई.
---विज्ञापन---
इसी के साथ मुंबई इंडियंस आखिरी तीन ओवरों में सबसे बड़ा टारगेट सफलतापूर्वक चेज करने वाली टीम बन गई है. IPL इतिहास में यह MI द्वारा आखिरी तीन ओवरों में सफलतापूर्वक चेज किया गया अब तक सबसे बड़ा लक्ष्य बन गया है. इससे पहले मुंबई ने 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 49 रन और 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 48 रन आखिरी 18 गेंदों में चेज किए थे.
MI द्वारा आखिरी 3 ओवरों में सफलतापूर्वक चेज किया गया सर्वोच्च लक्ष्य
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने टी20 क्रिकेट में 200 या उससे ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करने के मामले में भी बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 200 से अधिक रन चेज करने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम है, जिसने 11 बार यह कारनामा किया है. वहीं मुंबई इंडियंस अब 8 सफल चेज के साथ दुनिया की दूसरी टीम बन गई है. इस मामले में मुंबई ने ऑस्ट्रेलिया और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 7-7 सफल 200+ रन चेज दर्ज हैं.
---विज्ञापन---
T20 में सबसे ज्यादा 200+ का लक्ष्य चेज करते हुए सबसे अधिक जीत
11- पंजाब किंग्स
8 – मुंबई इंडियंस
7 – ऑस्ट्रेलिया और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
पंजाब किंग्स के लिए करो या मरो वाली स्थिति
प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस की यह इस सीजन में 12 मैचों में चौथी जीत रही. भले ही MI टूर्नामेंट से बाहर हो गई है, लेकिन उसने इस जीत के साथ पंजाब किंग्स का खेल बिगाड़ दिया है. शुरुआती 7 मैचों में से 6 में जीत हासिल करने वाली पंजाब को लगातार 5वीं शिकस्त झेलनी पड़ी. हालांकि, टीम 13 अंकों के साथ अभी भी पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है. लेकिन, अब यहां से पंजाब की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं और उसके लिए हर एक मुकाबला करो या मरो वाला हो गया है.
हिंदी न्यूज़/खेल/50 रन, 18 गेंद… 19 सालों में पहली बार! मुंबई इंडियंस ने आखिरी 3 ओवरों में कर दिया IPL इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर
End of Article
About the Author
Sanjeet
संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. क्रिकेट, हाॅकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं.