RCB vs RR Eliminator Match: अहमदाबाद का स्टेडियम सज चुका है। लोगों ने आतिशबाजियां खरीद ली है। आज के मैच के बाद एक टीम ट्रॉफी की रेस में एक कदम आगे बढ़ चुकी होगी, जबकि एक टीम के लिए सफर खत्म हो जाएगा। यह मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। आरसीबी आज लगातार 7वीं जीत दर्ज कर एलिमिनेटर में प्रवेश कर सकती है। दूसरी ओर राजस्थान पिछले 5 मैचों में जीत तलाश रही है। आरसीबी की टीम में वैसे तो फाफ डु प्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल जैसे बड़े नाम शामिल है, लेकिन इस मैच में ये 2 खिलाड़ी बेंगलुरु के लिए संकटमोचक साबित हो सकते हैं।
इस मैदान पर ग्लेन-फाफ का रिकॉर्ड
आरसीबी के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल इस सीजन बेहद खराब फॉर्म में चल रहे हैं। मैक्सवेल ने आरसीबी के लिए इस सीजन कुल 9 मुकाबले खेले हैं, लेकिन इनमें सिर्फ 52 रन ही बना पाए हैं। इस दौरान उनका एवरेज मात्र 6 का रहा है। दूसरी ओर अहमदाबाद में भी मैक्सवेल का रिकॉर्ड खराब है। मैक्सी ने इस मैदान पर कुल 4 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 12.50 की खराब एवरेज से 50 रन बनाए हैं। दूसरी ओर आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसिस इस सीजन भले ही शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, लेकिन अहमदाबाद में फाफ का रिकॉर्ड बेहद खराब है। फाफ ने इस मैदान पर कुल 3 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 16 की खराब एवरेज से सिर्फ 50 रन बना पाए हैं। इससे साफ है कि फाफ का भी इस मैदान पर जलवा नहीं दिखा है।
ये 2 खिलाड़ी बिखेरेंगे जलवे
विराट कोहली का बल्ला तो हर मैच में चल रहा है, उनका रिकॉर्ड अहमदाबाद में भी शानदार है। लेकिन कोहली के अलावा भी आरसीबी में 2 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो इस मैच में बेंगलुरु के लिए संकटमोचक साबित हो सकते हैं। इनमें पहले खिलाड़ी कैमरून ग्रीन है। ऑलराउंडर खिलाड़ी ने इस मैदान पर आईपीएल के कुल 3 मुकाबले खेले हैं। 3 मैचों में से कैमरून को 2 मैचों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। इन 2 मैचों में ग्रीन के बल्ले से 31 की एवरेज से 63 रन निकले हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 137 का रहा है।
स्टार खिलाड़ी का भी गरजता है बल्ला
इसके अलावा एक और खिलाड़ी रजत पाटीदार है। रजत का बल्ला इस सीजन तो आग उगल ही रहा है, इसके अलावा अहमदाबाद में भी रजत का प्रदर्शन शानदार है। पाटीदार ने इस मैदान पर कुल 4 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 3 मैचों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। इन 3 मैचों में रजत ने 40 की शानदार एवरेज से 120 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक भी जड़े हैं। रजत ने 126 की स्ट्राइक रेट से 120 रन बनाए। इससे साफ है कि आज के मैच में भी कैमरून और रजत आरसीबी के लिए संकटमोचक साबित हो सकते हैं।