Punam Raut Retirement: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी बल्लेबाज पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. पूनम ने गुरुवार (15 अक्टूबर) को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपने रिटायरमेंट की जानकारी दी. इसके साथ ही एक दशक से ज्यादा लंबे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया. भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलने वाली दाएं हाथ की बल्लेबाज पूनम को 2021 से ही मौका नहीं मिल रहा था. पूनम ने 2009 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला 2021 में खेला था. उन्होंने 2017 महिला वर्ल्ड कप में अपने शानदार प्रदर्शन कर खूब सुर्खियां बटोरी थीं, जिसमें भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था.
पूनम राउत ने किया इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान
करीब 16 साल तक भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद पूनम राउत ने गुरुवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान किया. 37 वर्षीय पूनम ने अपने रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा, “मुंबई की सड़कों से लेकर भारतीय जर्सी पहनने तक का सफर किसी वरदान से कम नहीं रहा. इस यात्रा में कई त्याग, संघर्ष, यादगार जीत और कठिन सबक शामिल रहे, जिन्हें मैं जीवनभर संजोकर रखूंगी.”
उन्होंने आगे कहा कि, “भारत का प्रतिनिधित्व करना सिर्फ एक सपना पूरा होने जैसा नहीं था, बल्कि यह एक ऐसा सौभाग्य था जिसे मैंने बहुत गर्व के साथ निभाया. अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के इस अध्याय को समाप्त करते हुए, मेरा दिल उन सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता से भरा है जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया, मेरा साथ दिया और मेरी इस यात्रा का हिस्सा बने.”
पूनम राउत का अंतरराष्ट्रीय करियर
पूनम राउत का अंतरराष्ट्रीय करियर काफी शानदार रहा. 2009 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाली पूनम ने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने अपने करियर में भारत के लिए खेले 73 वनडे मैचों में 2299 रन बनाए. वहीं, 35 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उनके नाम 719 रन दर्ज हैं. इसके अलावा, उन्होंने भारत के लिए 4 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 264 रन बनाए. पूनम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 4 शतक लगाए, जिनमें तीन वनडे और एक टेस्ट शतक शामिल है. उनके नाम वनडे में 15 अर्धशतक और टी20 इंटरनेशनल में 4 अर्धशतक भी दर्ज हैं. उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला जून 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच था.
2017 महिला वर्ल्ड कप में मचाया था धमाल
पूनम राउत के करियर का सबसे यादगार दौर 2017 महिला वर्ल्ड कप के दौरान आया, जब भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था. इस टूर्नामेंट में पूनम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कुल 381 रन बनाए थे. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल में उन्होंने 86 रनों की अहम पारी खेली थी. हालांकि, भारतीय टीम को इस खिताबी मुकाबले में 9 रन से हार का सामना करना पड़ा था. इसी वर्ल्ड कप में पूनम ने आयरलैंड के खिलाफ 109 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 320 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की थी.
वहीं, साल 2021 में पूनम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के ऐतिहासिक पिंक बॉल टेस्ट में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने पहली पारी में 36 रन बनाए. इस मुकाबले में उन्हें उस समय खेल भावना के लिए काफी सराहना मिली, जब गेंद का किनारा लगने के बावजूद अंपायर ने उन्हें नॉट आउट दिया, लेकिन वह खुद मैदान से बाहर चली गईं. उनका संन्यास भारतीय महिला क्रिकेट के एक अहम अध्याय का अंत है. पूनम को 2017 वर्ल्ड कप में उनके योगदान और खेल भावना के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा.