IND vs WI: कब और कहां होगा भारत-वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 मैच? जानें डेट, टाइमिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल्स
IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 8 विकेट जीत हासिल की और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. अब भारतीय टीम की नजर दूसरे टी20 मैच में जीत हासिल कर अपनी बढ़त को दोगुणा करने पर होगी. यहां जानिए भारत-वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा.
भारत-वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को खेला जाएगा दूसरा टी20 मैच (PIC Credit - ANI)
India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. पहले टी20 में कप्तान श्रेयस अय्यर की नाबाद 102 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसके दम पर भारत ने 171 रनों का लक्ष्य सिर्फ 15वें ओवर में हासिल कर मुकाबला जीत लिया.
विज्ञापन
अब भारत की नजर दूसरे टी20 में जीत हासिल करते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने पर होगी, जबकि वेस्टइंडीज की टीम वापसी करना चाहेगी. तो आइए जानते हैं भारत-वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा.
विज्ञापन
कब और कहां होगा भारत-वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 मैच?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 9 अक्टूबर को खेला जाएगा. दोनों टीमें रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि इसके आधे घंटे पहले यानी शाम 6:30 बजे टॉस होगा. इस मैच में जहां टीम इंडिया लगातार दूसरी जीत के साथ सीरीज में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी, तो वहीं वेस्टइंडीज की कोशिश वापसी करते हुए सीरीज को 1-1 से बराबर करने की होगी.
रांची में बरस सकते हैं चौके-छक्के
रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है. रांची के मैदान पर अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिलता है. ऐसे में भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी20 मैच में एक बार फिर हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है. यहां पिच से बल्लेबाजों को अच्छा सपोर्ट मिलता है, जिससे गेंदबाजों के लिए रन रोकना चुनौतीपूर्ण होता है. भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन के लिए यह मुकाबला खास भी है, क्योंकि रांची उनका घरेलू मैदान है. ऐसे में फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी और मुकाबले में चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है.
विज्ञापन
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें लाइव?
भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरे टी20 मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा. वहीं, मोबाइल और लैपटॉप यूजर्स जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग का मजा उठा सकते हैं. इसके अलावा, आप डीडी स्पोर्ट्स पर भी लाइव मैच का आनंद उठा सकते हैं.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 32 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आता है. 32 टी20I मुकाबलों में से भारत ने 21 मैच जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज को 10 मुकाबलों में जीत मिली है. वहीं, एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला.