India vs New Zealand 3rd Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। सीरीज के पहले दो मैच टीम इंडिया हार चुकी है। वहीं तीसरे मैच पर भारतीय टीम की पकड़ काफी मजबूत दिखाई दे रही है। वहीं अब इस मैच के दौरान का कप्तान रोहित शर्मा और ऋषभ पंत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रोहित को पंत के ऊपर काफी ज्यादा चिल्लाते हुए देखा जा सकता है। हालांकि रोहित किस बात पर गुस्सा कर रहे हैं ये किसी को नहीं पता।
पंत पर भड़के कप्तान रोहित
सोशल मीडिया पर कप्तान रोहित शर्मा का ऋषभ पंत के ऊपर चिल्लाने वाला वीडियो ड्रेसिंग रूम का है। पता नहीं रोहित किस बात को लेकर पंत के ऊपर इतना आग बबूला होते दिखाई दे रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ये वीडियो तीसरे टेस्ट के पहले दिन का बताया जा रहा है। जहां एक तरफ रोहित इस वीडियो में पंत के ऊपर गुस्सा कर रहे हैं तो वहीं पंत को सफाई देते हुए देखा जा सकता है। हालांकि वीडियो में पंत को थोड़ा मुस्कुराते हुए भी देखा जा सकता है।
दूसरे दिन भारत ने बनाई मजबूत पकड़
मुंबई टेस्ट में टीम इंडिया अब काफी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड के 9 विकेट महज 171 रन पर ही चटका दिए थे। हालांकि कीवी टीम ने 143 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। लेकिन ये काफी कम लीड है।
दूसरे दिन भारत की तरफ से गेंदबाजी करते हुए रवींद्र जडेजा ने 4 और आर अश्विन ने 3 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा आकाश दीप और वाशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट हासिल किया। अब तीसरे दिन टीम इंडिया कीवी टीम को पहले सेशन में जल्दी आउट करने के बाद जीत हासिल करना चाहेगी।