India vs Australia 2nd Test: एडिलेड टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी एक बार फिर से रोहित शर्मा के हाथों में है। पर्थ टेस्ट में रोहित खेल नहीं पाए थे, जिसके चलते जसप्रीत बुमराह को कप्तानी करते हुए देखा गया था। वहीं एडिलेड टेस्ट में रोहित का फिर से फ्लॉप शो देखने को मिला है। दोनों पारियों में रोहित बल्लेबाजी में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। जिसके बाद अब फैंस रोहित शर्मा पर बुरी तरह भड़कते हुए दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर रोहित के रिटायरमेंट की बातें यूजर्स उठाने लगे हैं।
रोहित का फ्लॉप शो जारी
रोहित शर्मा को एडिलेड टेस्ट में ओपनिंग में नहीं बल्कि पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए देखा गया। पिछले मैच में केएल राहुल ने ओपनिंग में अच्छा प्रदर्शन किया था, जिसके चलते रोहित को ये कदम उठाना पड़ा, लेकिन इस मैच की दोनों पारियों में रोहित बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। पहली पारी में रोहित के बल्ले से 3 और दूसरी पारी में 6 रन निकले थे। रोहित का ये खराब प्रदर्शन देखकर फैंस भड़क उठे। सोशल मीडिया पर रोहित को लेकर तरह-तरह की पोस्ट भी शेयर की जा रही है।
टीम इंडिया पर मंडराया हार का खतरा
पहली पारी में टीम इंडिया महज 180 रन पर ढेर हो गई थी। पहली पारी में टीम इंडिया की तरफ से नीतीश कुमार रेड्डी ने सबसे ज्यादा 42 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 337 रन बनाकर भारत पर अच्छी बढ़त हासिल कर ली थी। जिसके बाद दूसरी पारी में भी टीम इंडिया लड़खड़ाती हुई दिखाई दी। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 128 रन पर ही अपने 5 विकेट खो दिए थे। इसके अलावा भारतीय टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 28 रन पीछे हैं।
दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी करते हुए कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि मिचेल स्टार्क ने एक विकेट चटकाया। दूसरी पारी में भी रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल जैसे बड़े बल्लेबाज फ्लॉप साबित हुए। अब टीम इंडिया के ऊपर एडिलेड टेस्ट में हार का खतरा मंडरा रहा है।