India vs England: रोहित शर्मा, विराट कोहली समेत ज्यादातर भारतीय खिलाड़ी इस समय आईपीएल 2025 में बिजी हैं। आईपीएल खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ी इंग्लैंड दौरे में बिजी हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के सिलेक्टर्स ने 35 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है, जो पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारत ए के इंग्लैंड दौरे का हिस्सा हो सकते हैं। सिलेक्टर्स इन 35 खिलाड़ियों में से इंग्लैंड दौरे के लिए टीम को मई के दूसरे सप्ताह में चुन सकते हैं।
यह दौरा आईपीएल 2025 के खत्म होने के एक सप्ताह बाद शुरू होगा। इंग्लैंड के खिलाफ रेड-बॉल सीरीज भारत के अगले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अभियान की शुरुआत होगी। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के अनुसार, रोहित के इंडिया ए टीम के साथ यात्रा करने की सबसे ज्यादा संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बोर्ड का मानना है कि इंग्लैंड में चुनौतीपूर्ण दौरे के लिए टीम को एक मजबूत कप्तान की जरूरत है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई के लीडरशिप में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर रोहित ने फिर से बीसीसीआई का समर्थन हासिल कर लिया है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि सिलेक्टर्स को सरफराज खान पर बहुत कम भरोसा है। इसके बजाय, वे रजत पाटीदार और करुण नायर को इंडिया ए के मैचों में मौका देने के लिए तैयार हैं। इन दोनों में से किसी एक के मिडिल ऑर्डर में जगह बनाने की उम्मीद है। इसको लेकर सूत्र ने कहा, ‘मिडिल ऑर्डर के बारे में टीम मैनेजमेंट ने सरफराज खान की क्षमता पर बहुत कम भरोसा दिखाया है। नायर और पाटीदार रेड बॉल क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी हैं और शानदार फॉर्म में हैं। संभावना है कि उनमें से कम से कम एक भारत ए टीम में होगा।’
श्रेयस पर अभी तक कोई कॉल नहीं
इसके अलावा, रिपोर्ट में कहा गया है कि मैनेजमेंट ने अभी तक श्रेयस अय्यर की टेस्ट टीम में वापसी पर कोई फैसला नहीं लिया है। बता दें कि अय्यर ने अपना आखिरी टेस्ट फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था, जिसके बाद उन्हें बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें टेस्ट टीम से भी बाहर कर दिया गया था।