IND vs ENG: बेन डकेट ने ऋषभ पंत को किया ट्रोल, भारतीय खिलाड़ी के जवाब ने बंद की बोलती
Author: News24 हिंदी
Jul 12, 2025 05:03 PM IST
IND vs ENG, 3rd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच इस समय रोचक मोड़ पर है। लॉर्ड्स में हो रहे इस मुकाबले में तीसरे दिन की शुरुआत में एक रोचक पल देखने को मिला। इंग्लिश खिलाड़ी बेन डकेट ने ऋषभ पंत पर तंज कसने का प्रयास किया लेकिन उन्हें करारा जवाब मिल गया, जिसके बाद उनकी बोलती बंद हो गई।
ऋषभ पंत का बेन डकेट को करारा जवाब
तीसरे दिन की शुरुआत ऋषभ पंत और केएल राहुल ने की। दोनों ही बल्लेबाज पिच पर टिकने का प्रयास करते हुए नजर आए। इसी बीच बेन डकेट ने फील्डिंग करते हुए ऋषभ के धीमे अंदाज का जिक्र करते हुए तंज कसा। उन्होंने पंत से पूछा, ‘क्या आप मैच को ड्रॉ करने के लिए खेल रहे हैं?’ इसके जवाब में भारतीय विकेटकीपर ने शानदार जवाब दिया। उन्होंने इंग्लैंड टीम की धीमी बल्लेबाजी पर ही तंज कस दिया।
पंत ने कहा कि वो इंग्लैंड की तरह ही धीरे खेल रहे हैं। अमूमन इंग्लिश टीम टेस्ट मैचों में भी अपनी तेज बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है लेकिन तीसरे टेस्ट में ऐसा देखने को नहीं मिला। इंग्लैंड ने संभलकर बल्लेबाजी की और 112.3 ओवरों में 387 रन बनाए। इंग्लैंड का धीमी बल्लेबाजी करना और फिर ऋषभ के बल्लेबाजी स्टाइल पर निशाना साधना काफी अजीब बात है।
ऋषभ पंत ने छक्के के साथ अर्धशतक किया पूरा
ऋषभ पंत का तगड़ा प्रदर्शन तीसरे टेस्ट मैच में भी जारी है। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और कुछ मौकों पर भी ताबड़तोड़ शॉट्स भी लगाए। पंत ने खबर लिखे जाने तक 7 चौके और 1 छक्का लगाया। इसी के साथ वो अपना अर्धशतक पूरा करने में सफल रहे। मजेदार बात यह है कि पंत ने छक्के के साथ 50 का आंकड़ा पार किया। इसी बीच उन्हें केएल राहुल से भी बढ़िया सपोर्ट मिला है। पंत की फिंगर में चोट है लेकिन फिर भी वो अपनी बल्लेबाजी का दम दिखा रहे हैं, जिसके लिए उनकी तारीफ बनती है।
ये भी पढ़ें:- दिग्गज बल्लेबाजों के सामने जसप्रीत बुमराह का बोलबाला, फैब 4 के खिलाफ कुछ ऐसा है रिकॉर्ड