ICC ODI Rankings, Shubman Gill: भारतीय कप्तान शुभमन गिल दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बन गए हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने बुधवार, 29 जुलाई को वनडे बल्लेबाजों की नई रैंकिंग जारी की, जिसमें गिल को नंबर-1 का ताज मिला है. गिल ने एक पायदान की छलांग लगाई है और न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को पछाड़कर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है. वहीं, टीम इंडिया के दो दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली ताजा रैंकिंग में भी टॉप-5 में बने हुए हैं.

शुभमन गिल बने नंबर-1 वनडे बल्लेबाज

शुभमन गिल ने एक बार फिर से नंबर-1 वनडे बल्लेबाज की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है. पिछले सप्ताह दूसरे नंबर पर रहे गिल ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल को पछाड़ दिया है. गिल के खाते में अब 801 रेटिंग अंक हो गए हैं, जबकि मिचेल के पास 794 रेटिंग अंक हैं. दोनों के बीच 7 अंकों का अंतर है. गिल के पहले स्थान पर पहुंचने के कारण मिचेल करीब 7 महीने तक टॉप पर रहने के बाद दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं.

---विज्ञापन---

गिल ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने तीन मैचों में 94 की औसत से कुल 188 रन बनाए थे, जिसमें दो अर्धशतकीय पारी शामिल रहे. उन्होंने अपनी पिछली तीन पारियों क्रमश: 80*, 31 और 77 रन बनाए. इसी शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें रैंकिंग में भी देखने को मिला है.

---विज्ञापन---

रोहित और विराट टॉप-5 में शामिल

गिल के अलावा, रोहित शर्मा और विराट कोहली ताजा रैंकिंग में टॉप-5 में शामिल हैं. रोहित 758 रेटिंग अंक के साथ चौथे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि कोहली तीसरे स्थान पर हैं और उनका रेटिंग अंक 767 है. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में रोहित-विराट का बल्ला भी जमकर बोला था. सीरीज के आखिरी वनडे में रोहित ने 138 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी. वहीं, पाकिस्तान के स्टार बैटर बाबर आजम भी छठे स्थान पर बने हुए हैं. बाबर के खाते में 689 रेटिंग अंक हैं.

---विज्ञापन---

इसके बाद आयरलैंड के हैरी ट्रैक्टर 679 रेटिंग अंक के साथ 7वें स्थान पर हैं, जबकि इंग्लैंड के जो रूट इस रैंकिंग में 8वें स्थान पर 674 रेटिंग अंक के साथ मौजूद हैं. वहीं, वेस्टइंडीज के शाई होप 673 रेटिंग अंकों के साथ 9वें स्थान पर हैं, जबकि श्रीलंका के चरिथ असलंका 659 रेटिंग अंकों के साथ 10वें नंबर पर हैं.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी बन सकते हैं भारत के ‘डॉन ब्रैडमैन’? पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने किया बड़ा दावा

---विज्ञापन---