भारत की जूनियर टीम के चीफ सिलेक्टर बन सकते हैं रमेश पवार, दावेदारों की रेस में सबसे आगे

Ramesh Powar: पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमेश पवार भारतीय BCCI जूनियर सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष बन सकते हैं. पवार भारत की जूनियर टीम के नए चीफ सिलेक्टर बनने के सबसे प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं.

Ramesh Powar

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के कोच रह चुके हैं रमेश पवार (PIC Credit - AI)

Ramesh Powar: भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रमेश पवार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जूनियर सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष बन सकते हैं. पवार भारत की जूनियर टीम के नए चीफ सिलेक्टर बनने के सबसे प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं. बीसीसीआई ने जूनियर सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन के लिए आवेदन मांगे हैं. पवार पिछले कई दशकों से भारतीय क्रिकेट से जुड़े रहे हैं और अलग-अलग लेवल पर कोचिंग की भूमिका निभाई है. पिछले सीजन वह गुजरात की सीनियर टीम के कोच थे. इसके अलावा, वह दो बार भारतीय सीनियर महिला टीम के कोच के तौर पर भी काम कर चुके हैं.

विज्ञापन

रमेश पवार बन सकते हैं भारतीय जूनियर टीम के चीफ सिलेक्टर

भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज रमेश पवार बीसीसीआई की जूनियर सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष बनने के रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात टीम के कोच का पद छोड़ने के बाद पवार भी इस भूमिका के लिए इच्छुक हैं. पवार दो बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं, लेकिन उनका दूसरा कार्यकाल अचानक खत्म हो गया था. उन्हें वीवीएस लक्ष्मण की अगुआई वाली मेंस टीम के साथ स्पिन-बॉलिंग कोच के तौर पर काम करने के लिए नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में भेज दिया गया था. हालांकि, अब वह भारत की जूनियर टीम के चीफ सिलेक्टर पद के लिए प्रमुख दावेदार बनकर उभरे हैं.

विज्ञापन

रमेश पवार की क्या होंगी जिम्मेदारियां?

अगर रमेश पवार को बीसीसीआई की जूनियर सिलेक्शन कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है, तो उनके कंधों पर कई अहम जिम्मेदारियां होंगी. जूनियर सिलेक्शन कमेटी के हेड के रूप में उनका मुख्य काम अंडर-19 समेत विभिन्न आयु वर्ग की भारतीय टीमों का चयन करना होगा. खासकर विदेशी दौरों और ट्रेनिंग कैंप के लिए टीम तैयार करने में समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. भारतीय अंडर-19 टीम ने इसी साल जिम्बाब्वे में खेले गए 2026 आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था.

ऐसे में टीम 2028 में होने वाले अगले संस्करण में मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरेगी. टूर्नामेंट में अभी करीब 15 से 18 महीने का समय बाकी है. ऐसे में जूनियर चयन समिति के सामने युवा और उभरती प्रतिभाओं को पहचानने और भविष्य के लिए मजबूत क्रिकेटरों का पूल तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.

विज्ञापन

भारतीय क्रिकेट के साथ रमेश पवार का सफर

48 वर्षीय रमेश पवार भारतीय क्रिकेट से लंबे समय से जुड़े रहे हैं. वह दो अलग-अलग कार्यकाल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. पहली बार उन्हें 2018 में अंतरिम आधार पर टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2018 आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान उनका अनुभवी भारतीय बल्लेबाज मिताली राज के साथ मतभेद भी सामने आया था. इसके बाद मई 2021 में उन्हें एक बार फिर वोकरी रमन की जगह भारतीय महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया.

विज्ञापन

घरेलू क्रिकेट में भी पवार ने मुंबई और गुजरात की टीमों के साथ अलग-अलग कोचिंग भूमिकाओं में काम किया है. इसके अलावा, 2022 के अंत में उन्हें बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में स्पिन गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी. बतौर क्रिकेटर रमेश पवार का अंतरराष्ट्रीय करियर भी रहा है. मुंबई के इस अनुभवी खिलाड़ी ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले. वह 2004 की शुरुआत में पाकिस्तान के दौरे पर ऐतिहासिक वनडे सीरीज जितने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Sanjeet

Sanjeet

संजीत कुमार News24 Hindi में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे है. संजीत ने अपने करियर की शुरुआत अगस्त 2020 में की थी. वह मुख्य रूप से क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेलों में रुचि रखते हैं और खबरें लिखते हैं. संजीत अब तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप से लेकर ओलंपिक तक कई बड़े टूर्नामेंट्स कवर कर चुके हैं. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, आईपीएल, प्रो कबड्डी लीग कवर किया है. कितने साल का अनुभव: 4 साल डिग्री: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री प्राप्त की है. इसके अलावा, उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी, बोधगया से फिजिक्स ऑनर्स से B.Sc किया है. विशेषज्ञता: क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेल पिछला अनुभव: संजीत ने अपने करियर की शुरुआत Prabhat Khabar के साथ अगस्त 2020 में की थी, जहां उन्होंने 1 साल काम किया. प्रभात खबर में रहते हुए उन्होंने राइटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की. उसके बाद उन्होंने SportzWiki हिंदी में एक साल से अधिक समय तक काम किया. जनवरी 2025 से वह न्यूज24 हिंदी के साथ सब एडिटर के रूप में जुड़े हुए हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ