Gulveer Singh Interview: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लॉन्ग डिस्टेंस रनर गुलवीर सिंह ने इतिहास रच दिया. उन्होंने एशियन गेम्स में 5 दिनों के अंतराल में तीन मेडल जीते. गुलवीर ने मेंस 10,000 मीटर मैराथन में सिल्वर मेडल पर कब्जा किया, जिसके बाद उन्होंने मेंस 1500 मीटर दौड़ में भी सिल्वर जीता और फिर मेंस 5000 मीटर मैराथन में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. वह 40 साल बाद भारत के पहले ट्रैक एंड फील्ड एथलीट बने हैं, जिन्होंने एशियन गेम्स के एक संस्करण में तीन-तीन मेडल जीते हैं. गुलवीर सिंह ने News 24 के साथ खास बातचीत में एशियन गेम्स में अपने प्रदर्शन, LA ओलंपिक्स की तैयारी, भारत सरकार से मिल रहे सपोर्ट, डाइट और मोटिवेशन के बारे में बात की. आइए इस इंटरव्यू से जुड़े खास सवाल-जवाबों पर एक नजर डालते हैं.
सवाल: एशियन गेम्स में तीन मेडल जीतने के बाद आपको कैसा महसूस हो रहा है?
गुलवीर सिंह का जवाब: एशियन गेम्स में एक साथ तीन जीतकर बेहद अच्छा महसूस हो रहा है. मेरी तैयारी अच्छी थी, जिस वजह से मैं अपना सबसे बेस्ट दे पाया हूं. एशियन गेम्स में मैं अपने प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट हूं. हालांकि, गोल्ड मेडल नहीं जीत पाने का थोड़ा मलाल है, लेकिन पहले के मुकाबले मेरे प्रदर्शन में काफी सुधार आया है.
सवाल: कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स के बाद LA ओलंपिक्स की तैयारियों को आप कैसे देख रहे हैं?
गुलवीर सिंह का जवाब: एशियन गेम्स के बाद अब मेरा फोकस एलए ओलंपिक्स पर रहने वाला है. कोच के साथ मिलकर मैं आगे के लिए तैयारी करूंगा. हम अभी एक-एक करके कदम उठाएंगे और आगे बढ़ेंगे.
सवाल: इतनी लंबी दौड़ के लिए आर्मी ट्रेनिंग से मोटिवेशन मिलता है?
गुलवीर सिंह का जवाब: हां, ट्रेनिंग के साथ-साथ मोटिवेशन भी बेहद जरुरी है. मैं हमेशा ही मोटिवेट रहने की कोशिश करता हूं और ट्रेनिंग पर पूरी तरह फोकस करता हूं.
सवाल: एशियन गेम्स में मेडल जीतने के बाद पहली बार किससे बात हुई थी और परिवार का कैसा रिएक्शन था?
गुलवीर सिंह का जवाब: एशियन गेम्स में मेडल जीतने के बाद सबसे पहले मेरी कोच से बात हुई थी. परिवार में मेडल जीतने के बाद अलग ही रिएक्शन था. पहला मेडल जीतने के बाद सभी खुश थे और दूसरा मेडल जीतने के बाद भी ऐसा ही रिएक्शन था. तीसरे मेडल के बाद परिवार को ऐसा लगा कि कहीं न कहीं गोल्ड मिस हो गया.
सवाल: तैयारियों के दौरान आपका डाइट प्लान कैसा रहता है और आपकी फेवरेट चीट मील क्या है?
गुलवीर सिंह का जवाब: तैयारियों के दौरान मैं सिर्फ वेजिटेरियन खाना खाता हूं. मेरे वैसे कोई फेवरेट चीट मिल नहीं है. मुझे सबकुछ खाना पसंद है. मीठा खाने में कोई परहेज नहीं है. मैं जब मन होता है, तब मीठा खा लेता हूं.
सवाल: मिल्खा सिंह और पीटी उषा से कितना प्रेरित होते हैं?
गुलवीर सिंह का जवाब: मिल्खा सिंह जी से मैं कभी मिला नहीं हूं. वह दिग्गज एथलीट हैं और उन्होंने काफी पहले देश के लिए चार-चार मेडल जीते थे. पीटी उषा ने भी अपने दौर में शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रेरणा दी है. दोनों से ही मुझे काफी कुछ सीखने को मिला है.
सवाल: भारत सरकार का खिलाड़ियों को कितना सपोर्ट मिला है?
गुलवीर सिंह का जवाब: भारत सरकार का एथलीट्स को काफी सपोर्ट मिल रहा है. अलग-अलग तरह की योजनाएं शुरू की गई हैं और हाल ही में नया बिल भी पास हुआ है. सरकार और IOC के खेलो इंडिया से सभी खिलाड़ियों को फायदा मिल रहा है. सरकार का पूरा साथ मिला है, जिससे सभी के प्रदर्शन में भी सुधार आया है.