Duleep Trophy 2024: दलीप ट्रॉफी 2024 में इंडिया ए और इंडिया बी के बीच मुकाबला अब रोमांचक मोड़ पर पहुंचता हुआ दिखाई दे रहा है। जीत के लिए लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया ए के दो विकेट गिर चुके हैं। फिलहाल शुभमन गिल की इंडिया ए जीत से काफी दूर है। मैच की दूसरी पारी में इंडिया ए को पहला झटका मयंक अग्रवाल के रूप में लगा था। इस दौरान इंडिया बी के खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी ने कमाल का कैच पकड़ा, जिसको अब दलीप ट्रॉफी के इतिहास का सबसे शानदार कैच भी बताया जा रहा है। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
नीतीश कुमार रेड्डी ने लगाई चीते जैसी छलांग
इंडिया ए की तरफ से मैच की दूसरी की शुरुआत भी कप्तान शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल ने की। हालांकि मयंक ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए थे। दूसरी पारी में मयंक महज 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यश दयाल की गेंद पर नीतीश कुमार रेड्डी ने स्लिप में मयंक अग्रवाल का हैरतअंगेज कैच पकड़ा। इस कैच को पकड़ना उतना आसान नहीं होता है। अब सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार रेड्डी का ये कैच पकड़ने का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स भी नीतीश कुमार के इस कैच की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
इंडिया बी ने पहली पारी में बनाए थे 321 रन
इस मैच में इंडिया बी की टीम कमाल की फॉर्म में दिख रही है। पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए इंडिया बी ने 321 रन बनाए थे। इंडिया बी की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए सरफराज खान के भाई मुशीर खान ने कमाल की शतकीय पारी खेली थी। मुशीर ने पहली पारी में 181 रनों की पारी खेली थी। जिससे इंडिया बी की टीम पहली पारी में ही मजबूत स्थिति में आ गई थी। इसके अलावा तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने 56 रन बनाए थे। हालांकि नीतीश रेड्डी पहली पारी में फ्लाॉ साबित हुए थे। इस पारी में नीतीश अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे।
वहीं दूसरी पारी में इंडिया बी ने बल्लेबाजी करते हुए 184 रन बनाए थे। दूसरी पारी में इंडिया बी की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने कमाल की बल्लेबाजी की थी। दूसरी पारी में पंत ने 61 रनों की पारी खेलकर बांग्लादेश टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।