ENG vs PAK: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर है, जहां पर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. सीरीज का दूसरा मुकाबला 27 अगस्त से लॉर्ड्स में खेला जाएगा. पहला मैच इंग्लैंड एक पारी से अपने नाम कर चुकी है. इंग्लैंड के पास सीरीज में 1-0 की बढ़त है. ऐसे में इंग्लैंड दूसरा मैच भी जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी, जबकि पाकिस्तान दूसरे मुकाबले के जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर करना चाहेगी. भारत में ये मैच कब शुरू होगा, आइए लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी सभी जानकारी जानते हैं.
भारत में कब-कहां और कैसे देखें मुकाबला?
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मैच 27 अगस्त को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा. भारतीय समयानुसार ये मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले यानी 3 बजे होगा. इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर होगी. इसके अलावा मुकाबले का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के सोनी टेन-5 चैनल पर किया जाएगा.
इंग्लैंड के लिए आसान नहीं होगा मैच
पाकिस्तान ने अपने आखिरी 2 मैच लॉर्ड्स की सरजमीं पर अपने नाम किए हैं. पाकिस्तान ने साल 2016 और साल 2018 में खेले गए अपने आखिरी दो टेस्ट मैच को जीता था. लॉर्ड्स में अब तक पाकिस्तान ने 15 टेस्ट मैच खेले हैं. इस दौरान पाकिस्तान ने 5 मैच जीते हैं, जबकि 4 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा है.
हालांकि इंग्लैंड का भी रिकॉर्ड लॉर्ड्स में अच्छा है. इंग्लैंड ने अब तक लॉर्ड्स की सरजमीं पर 147 मैच खेले हैं. इस दौरान इंग्लैंड ने 61 मैच जीते हैं, 35 मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 51 मैच ड्रॉ रहे हैं.
इंग्लैंड ने एकतरफा हराया था पहला मैच
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला लीड्स में खेला गया था. पाकिस्तान ने पहली पारी में 48.1 ओवर में 171 रन बनाए थेच पाक की ओर से सबसे ज्यादा रन अब्दुल्लाह शफीक ने बनाए. उन्होंने 104 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली थी.
पाकिस्तान को पहली पारी में जोश टंग और ओली रॉबिन्सन ने मिलकर पस्त कर दिया था. दोनों ने 5-5 विकेट लिए थे. जवाब में उतरी इंग्लैंड ने पहली पारी में 89.5 ओवर में 409 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान 37.3 ओवर में 135 रनों पर सिमट गई. इस तरह इंग्लैंड ने एक पारी और 103 रनों से मुकाबला जीत लिया था. अब दूसरे मैच में पाकिस्तान कैसा प्रदर्शन करती है? ये देखना दिलचस्प होने वाला है.