हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने पर स्मृति मंधाना का पहला रिएक्शन, कहा- हम साथ मिलकर और भी…
Smriti Mandhana-Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान स्मृति मंधाना ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी को लेकर पहली बार प्रतिक्रिया दी है. मंधाना ने इंस्टाग्राम पर हरमनप्रीत कौर की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में 10 साल शानदार रहे. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई है कि दोनों मिलकर आगे और भी उपलब्धियां हासिल करेंगी.
Smriti Mandhana on Harmanpreet Kaur Captaincy: एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव किया गया है. बीसीसीआई ने हरमनप्रीत कौर की जगह स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को तीनों फॉर्मेट में टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है. हरमनप्रीत की कप्तानी में टीम इंडिया ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं. उनकी अगुआई में भारत ने 2025 में पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था. हालांकि, 2026 टी20 वर्ल्ड कप में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसके बाद कप्तानी में बदलाव का फैसला लिया गया.
विज्ञापन
वहीं, कप्तान बनने के बाद मंधाना ने पहली बार हरमनप्रीत को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. मंधाना ने हरमनप्रीत के 10 साल के लंबे कप्तान कार्यकाल को शानदार बताया है और उम्मीद जताई है कि दोनों मिलकर आगे भी भारतीय क्रिकेट के लिए कई और उपलब्धियां हासिल करेंगी.
विज्ञापन
आपके नेतृत्व के 10 साल शानदार रहे – मंधाना
हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को सभी प्रारूपों की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया, जिसके बाद स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंप दी गई. मंधाना इससे पहले भी कई मौकों पर हरमनप्रीत की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम की कप्तानी कर चुकी हैं. अब नियमित कप्तान बनने के बाद मंधाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए हरमनप्रीत की कप्तानी की तारीफ की और उनके लिए खास संदेश लिखा. मंधाना ने हरमनप्रीत की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि ”इतने सालों तक आपके साथ खेलना बहुत अच्छा रहा. आपके नेतृत्व के 10 साल शानदार रहे हैं और साथ मिलकर, हम अपने देश के लिए कई और उपलब्धियां हासिल करने का प्रयास करेंगे.”
वहीं, चोट के कारण टीम से बाहर चल रहीं जेमिमा रोड्रिग्ज ने भी हरमनप्रीत की कप्तानी की तारीफ की. उन्होंने लंबे समय तक टीम की अगुआई करने और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए किए गए योगदान के लिए पूर्व कप्तान का आभार जताया.
जिम्बाब्वे सीरीज से कप्तानी पारी की शुरुआत करेंगी मंधाना
30 वर्षीय स्मृति मंधाना भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बतौर नियमित कप्तान अपनी नई पारी की शुरुआत जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू सीरीज से करेंगी. भारतीय टीम को 16 अक्टूबर से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है. बीसीसीआई ने दोनों सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. हरमनप्रीत कौर को टीम में बतौर खिलाड़ी शामिल किया गया है. यानी अब हरमनप्रीत, मंधाना की कप्तानी में एक खिलाड़ी के तौर पर खेलती नजर आएंगी.
विज्ञापन
बता दें कि, मंधाना ने अब तक 4 वनडे मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है और सभी मुकाबलों में टीम को जीत दिलाई है. वहीं, उन्होंने 18 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की है, जिसमें भारत ने 11 मुकाबले जीते, 6 में हार का सामना किया और एक मैच का नतीजा नहीं निकला.