Smriti Mandhana: भारतीय वुमेंस क्रिकेट का अब नया दौर शुरू होने वाला है. शुक्रवार से टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ रायपुर में तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी. अब स्मृति मंधाना नई कप्तान बन गई है. हाल ही में हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट से कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था. तुरंत ही बीसीसीआई ने मंधाना को कप्तान नियुक्त कर दिया. जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में मंधाना के पास एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम करने का सुनहरा मौका है. मेंस क्रिकेट में भी इस उपलब्धि को रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी हासिल नहीं कर पाए हैं.
स्मृति मंधाना के पास बड़ा मौका
स्मृति मंधाना टी20 इंटरनेशनल में 5000 रन पूरे करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बनने के बेहद करीब हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ 133 रन बनाते ही वो इतिहास रच देंगी. ऐसा करने वाली वो दुनिया की पहली खिलाड़ी (वुमेंस या मेंस) बन जाएंगी. मंधाना ने टी20 में हमेशा अच्छा गेम दिखाया है. वो अब तक 179 टी20 मैचों की 172 पारियों में 2 शतक और 37 अर्धशतक की मदद से 4,867 रन बना चुकी हैं. आप सभी जानते हैं कि मंधाना ओपनिंग करती हैं. पिछले कुछ महीनों से वो जबरदस्त फॉर्म में भी चल रही हैं. ऐसे में उम्मीद है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ वो 133 रन बनाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर देंगी.
वुमेंस क्रिकेट की बात करें तो दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स हैं. वो 186 मैचों की 178 पारियों में 1 शतक और 28 अर्धशतक के साथ 4,758 रन बना चुकी हैं. तीसरे स्थान पर हरमनप्रीत कौर हैं. वो अब तक 210 टी20 मैचों की 188 पारियों में 1 शतक और 18 अर्धशतकों की बदौलत 4,346 रन ठोक चुकी हैं. मेंस क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बाबर आजम के पास है. वो टी20 इंटरनेशन में अब तक 145 मैचों की 136 पारियों में 3 शतक और 39 अर्धशतक की मदद से 4,596 रन जड़ चुके हैं.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच होगी रोमांचक सीरीज
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 मैच खेले जाएंगे. पहली बार दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन हो रहा है. जिम्बाब्वे की टीम ने पिछली कुछ सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया है. जिम्बाब्वे की कप्तानी जोसेफिन नकोमो के हाथ में है. तीनों मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को रायपुर में खेले जाने वाले हैं. इसके बाद 23, 25 और 28 अक्तूबर को तीन वनडे मैचों की सीरीज भी होगी.
भारतीय वुमेंस T20I स्क्वाड:
स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उपकप्तान), निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता, मिन्नू मणि.