Kusal Mendis: श्रीलंका टेस्ट क्रिकेट टीम में 8 अक्टूबर को बड़ा फेरबदल हुआ. धनंजय डी सिल्वा ने श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था. इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपना नया टेस्ट कप्तान चुन लिया है. कुसल मेंडिस को नया कप्तान नियुक्त किया गया है. मेंडिस ने श्रीलंका के लिए तीनों ही प्रारूपों में प्रतिनिधित्व किया है. उनके पास इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का अच्छा खासा अनुभव है.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने लिया फैसला
मेंडिस को नया कप्तान बनाने का फैसला एसएलसी चयन समिति द्वारा 8 अक्टूबर को बोर्ड के मुख्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया. धनंजय डी सिल्वा की कप्तानी छोड़ने के बाद ये फैसला किया गया है. मेंडिस कप्तान बनने के बाद अपनी पहली टेस्ट सीरीज पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए उतरेंगे. श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज होने वाली है.
धनंजय ने अपनी कप्तानी छोड़ने का फैसला करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि अगली पीढ़ी को कप्तानी सौंपी जाए. साल 2024 में दिमुथ करुणारत्ने के संन्यास के बाद उन्हें कप्तान बनाया गया था.
श्रीलंका की टीम पाकिस्तान जाएगी, पहला टेस्ट मैच 9 नवंबर और दूसरा टेस्ट मैच 17 नवंबर से खेला जाएगा. इस सीरीज में कुसल मेंडिस पर सभी की निगाहें रहने वाली हैं.
कुसल मेंडिस ने श्रीलंका के लिए तीनों ही प्रारूपों में खेला है. उन्होंने साल 2015 में टेस्ट डेब्यू किया था. इसके बाद अगले ही साल उन्होंने वनडे और टी-20 में श्रीलंका के लिए डेब्यू किया. फिलहाल वह श्रीलंका के लिए तीनों ही प्रारूप खेलते हैं. हाल ही में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 121 रनों की शानदार पारी खेली थी.
मेंडिस की कप्तानी पर एक नजर
मेंडिस अब तीनों ही प्रारूपों में श्रीलंका की कप्तानी करेंगे. मेंडिस ने अब तक 22 वनडे मैचों में श्रीलंका की कप्तानी की है, जिसमें 10 मैच में टीम ने बाजी मारी है. इसके अलावा टीम को 10 मैच में हार और 2 मुकाबले बेनतीजा रहा है.
मेंडिस ने अब तक 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी करते हुए श्रीलंका को 1 जीत दिलाई है, जबकि 2 टीम को हार का सामना करना पड़ा है.
करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक श्रीलंका के लिए 75 टेस्ट मैच में 4836 रन बनाए हैं. इसके अलावा 159 वनडे मैच में उन्होंने 5160 रन बनाए हैं. वहीं, 109 टी-20 मैच में उन्होंने 2694 रन बनाए हैं.