केएल राहुल ने जीता दिल, इनाम में मिला स्मार्टफोन महिला कर्मचारी को किया गिफ्ट

केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में मिले ‘गेम चेंजर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड में जीते स्मार्टफोन को स्टेडियम की महिला कर्मचारी को गिफ्ट कर दिया. उनके इस दिल जीतने वाले अंदाज का वीडियो BCCI ने शेयर किया है. राहुल ने मैच में नाबाद 26 रन बनाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.

KL Rahul/ Image Source: ANI

KL Rahul/ Image Source: ANI

केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में अपनी बल्लेबाजी से तो प्रभावित किया ही, साथ ही मैदान के बाहर अपने व्यवहार से भी लोगों का दिल जीत लिया. भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘गेम चेंजर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड मिला था. इनाम के तौर पर उन्हें एक स्मार्टफोन दिया गया, लेकिन राहुल ने इसे अपने पास रखने के बजाय स्टेडियम में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी को गिफ्ट कर दिया. उनके इस कदम का वीडियो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इसके बाद से ही राहुल की जमकर तारीफ हो रही है. बीसीसीआई ने वीडियो के साथ लिखा, ‘बड़ा खिलाड़ी, उससे भी बड़ा दिल.’

विज्ञापन

राहुल से गिफ्ट पाकर हैरान रह गई महिला कर्मचारी

बीसीसीआई की ओर से जारी वीडियो में केएल राहुल महिला कर्मचारी को अपना अवॉर्ड में मिला स्मार्टफोन देते दिखाई दे रहे हैं. राहुल को अचानक फोन गिफ्ट करते देख महिला कर्मचारी भी हैरान रह गईं. उन्होंने बताया कि भारतीय बल्लेबाज ने उन्हें अपना जीता हुआ फोन दे दिया है. महिला के लिए यह पल काफी खास था, क्योंकि उन्हें इस तरह के तोहफे की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी.

विज्ञापन

राहुल इस दौरान मुस्कुराते हुए नजर आए. उन्होंने बिना किसी दिखावे के अपना इनाम महिला कर्मचारी को सौंप दिया. उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है. फैंस उनकी खेल प्रतिभा के साथ-साथ इस दरियादिली की भी तारीफ कर रहे हैं.

मुश्किल हालात में राहुल ने संभाली भारतीय पारी

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में केएल राहुल ने दबाव के बीच अहम पारी खेली थी. उन्हें ‘गेम चेंजर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी इसी प्रदर्शन के लिए मिला. राहुल ने 34 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था.

विज्ञापन

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शुभमन गिल बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि विराट कोहली सिर्फ 7 रन ही बना सके. रोहित शर्मा भी 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. ऐसे समय में राहुल ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की. अय्यर ने भी 30 रन का योगदान दिया. राहुल की यह पारी टीम को जीत के करीब पहुंचाने में अहम रही.

बारिश ने बदला मैच का नतीजा

वेलिंगटन में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन पर ऑलआउट हो गई थी. भारत की तरफ से गुरनूर बरार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए. वहीं औकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए.

विज्ञापन

135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 26 ओवर में सात विकेट खोकर 113 रन बना लिए थे. तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा. उस समय डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से भारत का स्कोर पार स्कोर से चार रन ज्यादा था. इसी आधार पर टीम इंडिया ने यह मुकाबला चार रन से अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Alsaba Zaya

Alsaba Zaya

झारखंड के हुसैनाबाद के अलसबा जया न्यूज 24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. खेल पत्रकारिता में लगभग 4 साल का अनुभव रखने वाले अलसबा ने अब तक क्रिकेट के कई बड़े टूर्नामेंट कवर किए हैं. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत स्पोर्ट्सविकी के साथ की. इसके बाद वह सितंबर 2024 से न्यूज 24 का हिस्सा हैं. उन्होंने अपने करियर में वनडे वर्ल्ड कप 2023, आईपीएल 2023, टी-20 वर्ल्ड कप 2024, आईपीएल 2024, पेरिस ओलंपिक 2024, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025, आईपीएल 2025, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025, टी-20 वर्ल्ड कप 2026, आईपीएल 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट कवर किए हैं. क्रिकेट के अलावा उन्हें फुटबॉल और हॉकी पर भी लिखना पसंद है. साल 2022 में उन्होंने आईआईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज ग्रेटर नोएडा से पत्रकारिता में BJMC की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने कई संस्थानों के लिए कंसल्टेंट के रूप में भी काम किया. अलसबा ने न्यूज 24 के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी, लक्ष्मी रतन शुक्ला का इंटरव्यू किया है. अलसबा खुद भी एक प्रोफेशनल क्रिकेटर रह चुके हैं. उन्होंने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की ओर से आयोजित अंडर-19 टूर्नामेंट खेला है. वहीं, दिल्ली स्थित सोनट क्रिकेट क्लब में भी वह कोच दिवंगत तारक सिन्हा की अगुवाई में ट्रेनिंग ले चुके हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ