IPL 2027: चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने अब आईपीएल 2027 की तैयारी शुरू कर दी है. 26 अक्टूबर को फ्रेंचाइजी ने एरिस सिमंस, टॉमी सिमसेक, राजीव कुमार, ग्रेग किंग और माइकल हसी को कोचिंग स्टाफ से बाहर का रास्ता दिखाया था. अब अगले दिन फ्रेंचाइजी ने नए कोचिंग स्टाफ का ऐलान कर दिया है. फ्रेंचाइजी ने गेंदबाजी कोच के रूप में मोहित शर्मा को अपने साथ जोड़ा है. वहीं असिस्टेंट कोच के रूप में गैरेथ बैटी और एल्बी मोर्केल को चेन्नई सुपर किंग्स के टीम ने अपने साथ जोड़ा है.
मोहित शर्मा और एल्बी मोर्केल की सीएसके में हुई वापसी
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पहले खेलने वाले तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को अब फ्रेंचाइजी ने अपना गेंदबाजी कोच बना दिया हैं. जिसका अब फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक ऐलान कर दिया है. अपने पोस्ट में मोहित शर्मा के लिए सीएसके ने कहा, ‘कभी सुपर किंग थे. अब अगली पीढ़ी को बनाने के लिए तैयार! 2013 में येलो में अपने IPL डेब्यू से लेकर 2014 में पर्पल कैप जीतने तक, मोहित शर्मा ने अपनी शानदार धीमी गेंदों और वैरिएशन से हमें सीटी बजाने के कई कारण दिए हैं! घर में स्वागत है, मोहित!’
एल्बी मोर्केल भी सीएसके के लिए लंबे समय तक खेले हैं. उन्होंने फ्रेंचाइजी को 2 बार आईपीएल चैंपियन भी बनाया था. उनकी वापसी अब असिस्टेंट कोच के रूप में हुई है. जिसके बारे में फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘चेपॉक के कुछ सबसे यादगार पलों के पीछे का शेर एक नई पारी के लिए तैयार है! 2008 का एक OG सुपर किंग, 2010 और 2011 में हमारी लगातार IPL जीत का एक अहम सदस्य! सुपर किंग्स के साथ एल्बी मोर्कल की कहानी जारी है! स्वागत है, एल्बी!’
गैरेथ बैटी बने सीएसके के असिस्टेंट कोच
सरे को काउंटी चैंपियनशिप में लगातार 3 बार चैंपियन बनाने वाले हेड कोच गैरेथ बैटी अब चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ गए हैं. बैटी को भी फ्रेंचाइजी ने अपना असिस्टेंट कोच ही बनाया है. उनके बारे में सोशल मीडिया पर फ्रेंचाइजी ने कहा, ‘लगातार 3 काउंटी चैंपियनशिप टाइटल. एक प्रूवन लीडर! इंग्लैंड के पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी गैरेथ बैटी अपने अनुभव, टैक्टिकल एक्सपर्टीज और टैलेंट को डेवलप करने के जुनून को सुपर किंग्स में लेकर आए हैं! डेन में आपका स्वागत है, गैरेथ बैटी.’
फ्रेंचाइजी में एंट्री के बाद जल्द ही ये तीनों काम करने वाले हैं. हेड कोच जहीर खान, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मौजूदा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर वो रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट भी तैयार करने वाले हैं. 15 नवंबर तक फ्रेंचाइजी को अपनी ये लिस्ट सौंपनी है. वहीं 16 दिसंबर 2026 को आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन होने वाला है. चेन्नई सुपर किंग्स की टीम फिलहाल कमबैक की तैयारी कर रही है.