INDW vs ZIMW: भारतीय वुमेंस क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच वनडे सीरीज का आगाज 23 अक्टूबर से होगा. इससे पहले भारत ने तीन टी20 मैचों की सीरीज जीती थी. स्मृति मंधाना की कप्तानी में टीम इंडिया जिम्बाब्वे का वनडे सीरीज में भी क्लीन स्वीप करना चाहेगी. पहला वनडे मैच वडोदरा के स्टेडियम में खेला जाएगा. इससे पहले एक बुरी खबर सामने आ रही है. तेज गेंदबाज रेणुका सिंह सीरीज से बाहर हो गई हैं. BCCI ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान भी कर दिया है. टीम इंडिया के स्क्वॉड में एकदम से बदलाव हो गया है.
रेणुका सिंह ठाकुर हुईं बाहर
रेणुका सिंह ठाकुर को लेकर BCCI ने बड़ी जानकारी दी है. कहा गया है कि वो अभी बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं. वहां पर वो वनडे फॉर्मेट के लिए जरूरी बॉलिंग प्रैक्टिस के साथ अपने वर्कलोड को बेहतर करने के प्रोसेस से गुजर रही हैं. इस वजह से ही उन्हें आगामी सीरीज में नहीं रखा गया है. BCCI की मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, “रेणुका सिंह ठाकुर अभी बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पचास ओवर के फॉर्मट के लिए जरूरी बॉलिंग वॉल्यूम तैयार कर रही हैं. इस वजह से उन्हें वनडे सीरीज से बाहर रखा गया है.” रेणुका की जगह टीम में 22 साल की असम की तेज गेंदबाज जिंतिमणि कलिता को जगह दी गई है. कलिता पहली बार वनडे फॉर्मेट का हिस्सा बनने जा रही हैं.
स्मृति मंधाना के लिए खास है वनडे सीरीज
स्मृति मंधाना के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज बहुत खास होगी. मंधाना की पूर्णकालिक वनडे कप्तान के रूप में ये पहली सीरीज होगी. हरमनप्रीत कौर की जगह उन्होंने ली है. कौर की फॉर्म पिछले कुछ समय से सवालों के घेरे में थी. वो काफी संघर्ष कर रही थीं. हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 मैच में 41 गेंदों में 10 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 91 रन बनाकर उन्होंने शानदार वापसी की. मंधाना बतौर कप्तान पहली सीरीज में रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश करेंगी. शेफाली वर्मा का सहयोग भी उन्हें मिलेगा.
भारतीय टीम का स्क्वॉड
प्रतीका रावल, स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), सयाली सतघरे, क्रांति गौड़, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, वैष्णवी शर्मा, नंदिनी शर्मा, तेजल हसब्निस और जिंतिमणि कलिता.
जिम्बाब्वे का स्क्वॉड
जोसेफिन नकोमो (कप्तान), चिएद्जा धुरुरू (विकेटकीपर), शार्ने मेयर्स, मोडेस्टर मुपाचिक्वा (विकेटकीपर), बिलव्ड बीज़ा, न्याशा ग्वांज़ुरा, मिशेल मावुंगा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, ओलिन्दर चारे, कुदज़ई चिगोरा, फ्रांसिस्का चिपारे, तेंडाई मकुशा, लोरिन फिरी और नोमवेलो सिबांडा.