IND-W vs ZIM-W, LIVE Streaming: भारतीय महिला टीम की जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन T20I मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है. एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने के बाद पहली बार टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी. भारतीय महिला क्रिकेट में एक नए दौर की शुरुआत होने जा रही है. पहली बार स्मृति मंधाना टीम इंडिया की फुल-टाइम कप्तान के रूप में उतरेंगी. टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेगी. आइए जानते हैं कि इस मैच को कब, कहां और कैसे देखा जा सकता है.
भारत-जिम्बाब्वे मैच कब और कहां खेला जाएगा?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 16 अक्टूबर यानी आज पहला T20I मैच खेला जाने वाला है. दोनों महिला टीमें रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी.
कितने बजे शुरू होगा मैच?
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहला T20I मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा. 6:30 बजे दोनों टीमों की कप्तान टॉस के लिए मैदान पर आएंगी.
कहां देख पाएंगे IND-W vs ZIM-W मैच?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच T20I सीरीज का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा. अलग-अलग भाषाओं में इस मैच की कमेंट्री का आनंद उठाया जा सकता है. इसके अलावा जियोहॉटस्टार वेबसाइट और ऐप पर भी इस मुकाबले का प्रसारण होगा.
ऐतिहासिक होगा IND-W vs ZIM-W मैच
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच रायपुर में होने वाला T20I मैच ऐतिहासिक रहने वाला है. सालों से महिला T20I क्रिकेट का आयोजन हो रहा है, लेकिन अब तक भारत और जिम्बाब्वे के बीच एक बार भी भिड़ंत नहीं हुई है. पहली बार दोनों देशों की महिला टीमें T20I क्रिकेट में आमने-सामने होंगी. हरमनप्रीत कौर अब भारतीय टीम की कप्तान नहीं हैं. उनकी जगह स्मृति मंधाना को नया कप्तान नियुक्त किया गया है, वहीं शेफाली वर्मा उपकप्तान के रूप में अपने कार्यकाल की शुरुआत करेंगी. इन दो कारणों की वजह से भारत-जिम्बाब्वे के बीच यह मैच खास रहने वाला है.
भारत और जिम्बाब्वे का T20I स्क्वाड
भारतीय महिला T20I स्क्वाड: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उपकप्तान), निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता, मिन्नू मणि.
जिम्बाब्वे का महिला T20I स्क्वाड: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बिलव्ड बिजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिन्दर चारे, कुदजई चिगोरा, न्याशा ग्वानजुरा, नोमवेलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चियेड्जा धुरुरू, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंडाई मकुशा, शार्ने मेयर्स.