नई दिल्ली: भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भले ही टी 20 सीरीज जीत ली है, लेकिन टीम इंडिया की हार के बावजूद रिचा घोष छाई हुई हैं। रिचा ने शनिवार को एक बार फिर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर दर्शकों की नसों में रोमांच भर दिया। चौथे और करो या मरो के मुकाबले में भारतीय टीम के लिए 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रिचा ने तूफान मचा दिया। उन्होंने अंत तक लड़ाई लड़ी और 19 गेंदों में 210 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 40 रन कूट डाले। रिचा ने 19वें ओवर में ऐसी तबाही मचाई कि एक बार लगने लगा कि बाजी पलट सकती है। हालांकि टीम इंडिया 7 रन से मुकाबला हार गई।

आते ही मचा दिया तूफान 

रिचा ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के आउट होने के बाद 15वें ओवर में मैदान पर आईं और आते ही तूफान मचाना शुरू कर दिया। अलाना किंग के इस ओवर में रिचा ने पहली और दूसरी गेंद पर चौका ठोक अपने इरादे जता दिए। इसके बाद उन्होंने 17वें ओवर में मेगन स्कट की गेंदों में दो चौके ठोक डाले। अब तीन ओवर में भारतीय टीम को 41 रन की जरूरत थी, ऐसे में रिचा ने मौके को भांपते हुए बल्लेबाजी करनी चाही लेकिन 18वें ओवर में देविका वैद्य आउट हो गईं। इस ओवर में सिर्फ 3 रन आए।

https://twitter.com/ICC/status/1604151268523524097

19वें ओवर में ठोक डाले चौके-छक्के

अब बारी थी 19वें ओवर की। हीथर ग्राहम 19वां ओवर डालने आईं तो रिचा ने पहली ही गेंद पर लॉन्ग ऑफ की ओर करारा छक्का कूट डाला। दूसरी गेंद पर एक बार फिर रिचा ने गदर मचाया ओर डीप मिड विकेट की ओर छक्का उड़ा दिया। दो गेंदों में दो छक्के खा चुकीं ग्राहम अब तीसरी बॉल डालने जा रही थीं। जैसे ही उन्होंने तीसरी गेंद डाली रिचा ने इसे थर्ड मैन की ओर घुमा दिया। इस तरह ये बॉल बाउंड्री पार कर गई और रिचा को चौका मिल गया। अगली बॉल खाली गई, जिसके बाद रिचा ने एक रन लेकर दीप्ति शर्मा को स्ट्राइक दे दी। दीप्ति ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर रन लेकर स्ट्राइक अपने पास रख ली।

https://twitter.com/StarSportsIndia/status/1604157216013324288

शानदार पारी खेली, लेकिन नहीं दिला पाईं जीत

अब टीम इंडिया को लास्ट ओवर में जीत के लिए 20 रन की जरूरत थी। दीप्ति ने पहली ही बॉल पर चौका कूटा। दूसरी पर एक रन लेकर रिचा को स्ट्राइक दे दी। तीसरी पर रिचा ने एक बार फिर एक रन लेकर दीप्ति को स्ट्राइक दी। चौथी पर दीप्ति ने चौका कूटा। पांचवीं पर दीप्ति और छठी पर रिचा एक ही रन ले पाईं और टीम इंडिया रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हार गई। पांच मैचों की टी 20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से आगे होकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। पांचवां और फाइनल मुकाबला 20 दिसंबर को खेला जाएगा। रिचा घोष टीम इंडिया के लिए तूफानी प्रदर्शन से लगातार दंग कर रही हैं। पहले और दूसरे टी 20 में भी उन्होंने शानदार पारी खेली थी।

https://twitter.com/PunjabKingsIPL/status/1601988284003282948

https://twitter.com/Sivy_KW578/status/1604161175834484737

https://twitter.com/BCCIWomen/status/1604153853921804288

एलिस पेरी ने मचाया गदर 

ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलिस पेरी ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 42 गेंदों में 7 चौके-4 छक्के ठोक नाबाद 72 रन जड़े। उनके साथ ग्रेस हैरिस ने 12 गेंदों में नाबाद 27 रन ठोके। एश्ले गार्डनर ने 27 गेंदों में 42 और कप्तान एलिसा हेली ने 21 गेंदों में 30 रन ठोके। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 46 रन जड़े।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Pushpendra Sharma

Pushpendra Sharma

पुष्पेन्द्र शर्मा न्यूज 24 वेबसाइट में 'डेस्क इंचार्ज' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगभग 17 वर्षों से मीडिया (प्रिंट, टीवी, वेब) में काम कर रहे हैं। मूलत: राजस्थान भरतपुर के निवासी हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में प्रिंट मीडिया Dainik Bhaskar से की थी। इसके बाद Rajasthan Patrika, Bhaskar.com और DNA Hindi (Zee Media) जैसे संस्थानों के लिए काम किया। News24 Website में न्यूज टीम को लीड कर रहे हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स टीम का लीड कर चुके हैं। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखते हैं। साथ ही एडिटिंग का कार्य कर चुके हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ