IND vs NZ: कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजों पर फोड़ा चौथे T20I में मिली हार का ठीकरा, बताया कहां फिसला मैच

IND vs NZ: भारत को ऑकलैंड में खेले गए न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले 87 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा. 259 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 172 रन ही बना सकी. इस हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने बड़ा बयान दिया है.

Shreyas Iyer

चौथे टी20 मैच में हार के बाद श्रेयस अय्यर ने दिया बड़ा बयान (PIC Credit - @BCCI/X)

India vs New Zealand, Shreyas Iyer: टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले 87 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी. ऑकलैंड में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 260 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी. हालांकि, पांच मैचों की इस टी20 सीरीज में भारत 3-1 की आगे है. वहीं, चौथे टी20 में मिली हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर बेहद नाखुश नजर आए. श्रेयस ने भारत की इस हार के लिए गेंदबाजों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कीवी टीम ने बैटिंग पावरप्ले के दौरान मैच अपने पक्ष में कर लिया था.

विज्ञापन

हार के बाद क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने बड़ा बयान दिया है. श्रेयस ने गेंदबाजों को हार का जिम्मेदार ठहराया है. उनका मानना है कि बैटिंग पारवप्ले के दौरान मैच हाथ से फिसला. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि शुरुआत में हमारी गेंदबाजी अच्छी नहीं रही. पावरप्ले में, खासकर तीसरे ओवर में जहां से उन्हें मोमेंटम मिला. कुछ गेंदबाजों ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन ग्लेन फिलिप्स ने कुछ असाधारण पारी खेली. उन्होंने कुछ जबरदस्त शॉट्स लगाए, जो वाकई शानदार थे और उन्हें देखकर बहुत अच्छा लगा.” उन्होंने आगे कहा, ” मुझे लगता है कि यह जरूरी है कि हम पीछे मुड़कर अपनी गलतियों को देखें और समझें कि वापसी कैसे कर सकते हैं.”

विज्ञापन

अगले मुकाबले के लिए रणनीति पर कही ये बात

श्रेयस अय्यर ने अगले मुकाबले की रणनीति और परस्थितियों में ढलने को लेकर कहा कि, “हैमिल्टन जाने से पहले हमारे पास एक दिन का ब्रेक है, इसलिए हम रणनीति बनाएंगे और अगले मैच में अपनी पूरी क्षमता से अमल करने की कोशिश करेंगे. हम जानते थे कि इस मैदान के डायमेंशन अलग हैं और कुछ खिलाड़ी पहली बार ऐसे मैदानों पर खेल रहे थे.” उन्होंने आगे कहा, “ऐसे हालात के मुताबिक खुद को ढालना आसान नहीं होता. शुरुआती तीन मैचों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था. यह सीखने का एक अच्छा अनुभव रहा.” बता दें कि, भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का 5वां और आखिरी मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में खेला जाएगा.

विज्ञापन

टीम इंडिया की फ्लॉप बल्लेबाजी

इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 259 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया. न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया. फिलिप्स ने महज 49 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 218.37 का रहा. उनके अलावा, माइकल ब्रेसवेल ने 65 रन और फिन एलन ने 31 रन बनाए. वहीं, 260 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में टीम ने महज 4 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए. संजू सैमसन सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.

इसके बाद अभिषेक शर्मा 27 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर 22 रन बनाकर आउट हो गए. 86 के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी, जबकि 121 के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए. हालांकि, तिलक वर्मा ने 35 गेंदों पर 35 रन बनाकर टीम को ऑलआउट होने से बचाया, जबकि नमन धीर ने 2 छक्कों और दो चौकों की मदद से 13 गेंदों में 28 रन बनाए. लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी और भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन ही बना सकी. वहीं, न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए. कप्तान मिचेल सैंटनर ने 2 विकेट चटकाए, जबकि एडम मिल्ने और मैथ्यू फिशर को 1-1 विकेट मिले.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Sanjeet

Sanjeet

संजीत कुमार News24 Hindi में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे है. संजीत ने अपने करियर की शुरुआत अगस्त 2020 में की थी. वह मुख्य रूप से क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेलों में रुचि रखते हैं और खबरें लिखते हैं. संजीत अब तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप से लेकर ओलंपिक तक कई बड़े टूर्नामेंट्स कवर कर चुके हैं. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, आईपीएल, प्रो कबड्डी लीग कवर किया है. कितने साल का अनुभव: 4 साल डिग्री: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री प्राप्त की है. इसके अलावा, उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी, बोधगया से फिजिक्स ऑनर्स से B.Sc किया है. विशेषज्ञता: क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेल पिछला अनुभव: संजीत ने अपने करियर की शुरुआत Prabhat Khabar के साथ अगस्त 2020 में की थी, जहां उन्होंने 1 साल काम किया. प्रभात खबर में रहते हुए उन्होंने राइटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की. उसके बाद उन्होंने SportzWiki हिंदी में एक साल से अधिक समय तक काम किया. जनवरी 2025 से वह न्यूज24 हिंदी के साथ सब एडिटर के रूप में जुड़े हुए हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ