IPL 2027: CSK की टीम फिलहाल बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है. आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी ने कोचिंग स्टाफ में बदलाव करना शुरू कर दिया है. जिसकी शुरुआत उन्होंने अपने हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग को हटाकर किया. जिसके बाद उन्होंने अपने बल्लेबाजी कोच माइकल हसी को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया. ये तो बस शुरुआत ही थी फ्रेंचाइजी ने इसके बाद कोचिंग स्टाफ के 4 और सदस्यों को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया है. जिसमें सभी दिग्गजों के नाम नजर आ रहे हैं.
एरिक सिमंस
सीएसके की टीम ने गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस को बाहर का रास्ता दिखाया है. सिमंस फ्रेंचाइजी के साथ साल 2018 में जुड़े थे. जिसके बाद वो टीम का हिस्सा थे. सिमंस को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ने कहा, ‘2018 से चेन्नई सुपर किंग्स के कोचिंग सेटअप का एक अहम हिस्सा एरिक सिमंस ने हमारी बॉलिंग यूनिट को बनाने और इतने सालों में टीम की सफलता में योगदान देने में अहम भूमिका निभाई है. हम आपकी समर्पित सेवा और योगदान के लिए दिल से शुक्रिया अदा करते हैं. धन्यवाद, एरिक सिमंस. आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.’
राजीव कुमार
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने अपने असिस्टेंट कोच राजीव कुमार को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया. उनके बारे में सीएसके ने कहा, ‘चेन्नई सुपर किंग्स कोचिंग सेटअप के एक अहम सदस्य राजीव कुमार ने इतने सालों में टीम की तैयारी, डेवलपमेंट और परफॉर्मेंस में अहम योगदान दिया है. खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम करने, अपनी एक्सपर्टीज शेयर करने और टीम की नींव को मजबूत करने के लिए आपका डेडिकेशन हमारी यात्रा का एक अहम हिस्सा रहा है. धन्यवाद, राजीव कुमार. आपको भविष्य के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.’
टॉमी सिमसेक
फ्रेंचाइजी ने अब टॉमी सिमसेक को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया है. जिसको लेकर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने कहा, ‘2008 में हमारे पहले सीजन से ही पर्दे के पीछे लगातार मौजूद रहने वाले टॉमी सिमसेक ने चेन्नई सुपर किंग्स के सफर में बहुत कीमती भूमिका निभाई है.हमारे खिलाड़ियों को फिट और मैच के लिए तैयार रखने में आपकी लगन, जिसमें उस समय की हमारी मशहूर “डैड्स आर्मी” भी शामिल है. इतने सालों में आप हमारी सफलता का एक अहम हिस्सा रहे हैं. इतने सालों की सेवा के लिए धन्यवाद, टॉमी सिमसेक. आगे के सफर में आपकी सफलता की कामना करता हूं.’
ग्रेग किंग
CSK की टीम ने ग्रेग किंग को भी अलविदा बोल दिया है. उनके बारे में पोस्ट करते हुए फ्रेंचाइजी ने कहा, ‘हर सफल कैंपेन अनगिनत घंटों की तैयारी, अनुशासन और कड़ी मेहनत पर बनता है. ग्रेग किंग स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग में आपकी एक्सपर्टीज ने हमारे सुपर किंग्स को फिजिकल चुनौतियों से निपटने और सभी सीजन में सबसे ऊंचे लेवल पर परफॉर्म करने में मदद की है. ग्रेग किंग येलो आर्मी में आप जो कुछ भी लाए हैं, हम उसकी तारीफ करते हैं.’