Shimron Hetmyer: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में शिमरोन हेटमायर ने अपनी जोरदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. हेटमायर मौजूदा समय में दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं. कैरेबियन प्रीमियर लीग में वह गयाना अमेजन वॉरियर्स टीम का हिस्सा हैं और उन्होंने जमैका किंग्समैन के खिलाफ जोरदार शतक जड़ा. टीम की खराब शुरुआत के बाद हेटमायर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और उन्हें बड़े स्कोर तक पहुंचाया. इस जोरदार पारी के बावजूद उनकी टीम को जीत नसीब नहीं हो पाई.

शिमरोन हेटमायर ने जड़ा शतक

CPL 2026 में 19 सितंबर को गयाना अमेजन वॉरियर्स और जमैका किंग्समैन के बीच ब्रिजटाउन में दूसरा क्वालीफायर मैच खेला गया. इस मैच में अमेजन वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी की. सलामी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए. 20 रन के स्कोर पर उन्होंने दो विकेट गंवा दिए. इसके बाद शे होप और शिमरोन हेटमायर के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली.

---विज्ञापन---

हेटमायर ने यहां अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 45 गेंदों में 102 रनों की नाबाद पारी खेली. उन्होंने 226.67 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. अपनी इस पारी में हेटमायर ने 4 चौके और 8 छक्के जड़े. शे होप ने भी 40 रनों की पारी खेली. 20 ओवरों में GAW ने 206 रन बना डाले.

ये भी पढ़ें:- भारत के खिलाफ अहम सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को लगा तगड़ा झटका, स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र हुए चोटिल

---विज्ञापन---

अमेजन वॉरियर्स को मिली करारी हार

207 रनों के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होता है. हालांकि, जमैका किंग्समैन के सभी खिलाड़ियों ने थोड़ा-थोड़ा योगदान दिया. माज सदाकत ने 41 रन, किर्क मैकेंजी ने 34 रन, केसी कार्टी ने 56 रन, सैम अय्यूब ने 23 रन और कप्तान रोवमैन पॉवेल ने नाबाद 40 रन बनाए. इसी के चलते जमैका ने 19.4 ओवर में लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा कर लिया और 5 विकेट से मैच जीत लिया. शिमरोन हेटमायर की शतकीय पारी पर पानी फिर गया और उनकी टीम का फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया. क्वालीफायर 2 के साथ GAW का सफर खत्म हो गया.

किसके बीच होगा CPL 2026 का फाइनल?

CPL 2026 के क्वालीफायर 2 में जीत के साथ जमैका किंग्समैन ने फाइनल में जगह बना ली है. इससे पहले एंटीगुआ & बारबुडा फैल्कन्स ने क्वालीफायर 1 जीतकर फाइनल में एंट्री की थी. अब 21 सितंबर को ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल, बारबाडोस में एंटीगुआ & बारबुडा फाल्कन्स और जमैका किंग्समैन के बीच CPL 2026 का फाइनल मैच खेला जाएगा. पिछले साल त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने ट्रॉफी पर कब्जा किया था और अब एक नया विजेता देखने को मिलने वाला है.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें:- इंग्लैंड के क्रिकेटर ब्रायडन कार्स पर लगे मारपीट के आरोप खारिज, पुलिस ने बंद की जांच, ECB लेगा सख्त एक्शन?

---विज्ञापन---