Parvinder Awana: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जूनियर सिलेक्शन कमेटी को लेकर बड़ा ऐलान किया है. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को जूनियर सिलेक्शन कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. बोर्ड ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मीडिया रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी. क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी करने के बाद अवाना के नाम की सिफारिश की थी. उनके अलावा कृष्णा दास, राकेश पटेल और अर्जुन यादव को भी जूनियर चयन समिति में जगह मिली है. वहीं, चयन समिति के 5वें सदस्य की नियुक्ति जल्द की जाएगी.
परविंदर अवाना बने जूनियर सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज परविंदर अवाना जूनियर सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष बनाए गए हैं. अवाना की जिम्मेदारी जूनियर क्रिकेटरों का चयन और भारतीय क्रिकेट के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की होगी. 40 वर्षीय अवाना भारत के लिए दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं. इसके अलावा, उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 62 मैच खेले और 191 विकेट हासिल किए. उन्होंने दिल्ली, इंडिया ए और रेस्ट ऑफ इंडिया का प्रतिनिधित्व किया. वह आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की ओर से भी खेल चुके हैं.
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अवाना ने कोचिंग के क्षेत्र में कदम रखा. उन्होंने दिल्ली की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों के साथ काम किया. इसके अलावा, वह भारत की अंडर-19 टीम और BCCI तथा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के विभिन्न हाई-परफॉर्मेंस प्रोग्रम से भी जुड़े रहे हैं. अब उन्हें जूनियर चयन समिति की कमान सौंपी गई है.
इन 3 दिग्गजों को भी जूनियर चयन समिति में मिली जगह
परविंदर अवाना के अलावा कृष्णा दास, राकेश पटेल और अर्जुन यादव को भी जूनियर चयन समिति में जगह मिली है. दास असम और गोवा के लिए खेल चुके पूर्व तेज गेंदबाज हैं. उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 49 मैच खेले और 166 विकेट अपने नाम किए. वह भारत की अंडर-19 और इंडिया ए टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. खेल के अलावा उनके पास कोचिंग का भी अच्छा-खासा अनुभव है. वह भारतीय अंडर-19 टीम के गेंदबाजी कोच रहे हैं. इसके अलावा, उन्होंने उत्तराखंड की रणजी ट्रॉफी टीम के गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी भी संभाली है.
वहीं, राकेश गुजरात और बड़ौदा की टीमों के लिए खेल चुके हैं. उन्होंने इंडिया ए का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ दलीप ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंट में भी हिस्सा लिया है. कोचिंग के क्षेत्र में पटेल ने गुजरात और बड़ौदा की अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीमों के साथ काम किया है. वह 2025-26 सीजन में बड़ौदा की अंडर-23 टीम के मुख्य कोच भी रहे. उनके अनुभव से जूनियर खिलाड़ियों के चयन में मदद मिलने की उम्मीद है.