Australia vs Bangladesh: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन में खेला जा रहा है. मैच के दूसरे दिन के खेल के दौरान माहौल उस वक्त गरमा गया, जब ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और बांग्लादेश के बल्लेबाज मेहदी हसन मिराज आपस में भिड़ गए. लाइव मैच के दौरान दोनों खिलाड़ी मैदान पर कुछ देर तक एक-दूसरे से तीखी बहस करते नजर आए. बाद में अंपायर ने बीच में आकर मामला शांत करा दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मैदान पर भिड़े स्टार्क और मिराज
दरअसल, यह घटना ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरा दिन के आखिरी सेशन के खेल के दौरान देखने को मिली. मिचेल स्टार्क गेंदबाजी कर रहे थे और उनकी एक गेंद पर मेहदी हसन मिराज रन लेने के लिए दौड़े. इसी दौरान दोनों खिलाड़ी फॉलोथ्रू में आमने-सामने आ गए. फॉलोथ्रू के दौरान अक्सर दोनों प्लेयर्स आमने-सामने आ जाते हैं, लेकिन स्टार्क इस बात से नाराज हो गए और मिराज से कहा कि यह उनका फॉलोथ्रू है.
इस पर मिराज ने भी पलटकर जवाब दिया और कहा कि वह जानबूझकर स्टार्क की ओर नहीं दौड़े थे और यह उनकी रनिंग लाइन थी. इसके बाद स्टार्क ने मिराज को विकेट से दूर रहने के लिए कहा और रन लेने की लाइन की ओर इशारा करते हुए अपनी बात समझाने की कोशिश की. दोनों के बीच कुछ देर तक बहस चलती रही. मामला बढ़ता देख अंपायर तुरंत दोनों खिलाड़ियों के पास पहुंचे और उन्हें शांत कराया. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल चुका है.
तीसरे दिन फिर हो सकता है स्टार्क-मिराज का सामना
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेहदी हसन मिराज क्रीज पर डटे हुए थे. मिराज ने 73 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 32 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल रहे. उनके साथ हसन महमूद भी 76 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 13 रन बनाकर नाबाद लौटे. अब तीसरे दिन जब खेल दोबारा शुरू होगा तो मिराज और स्टार्क एक बार फिर आमने-सामने होंगे. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मैदान पर दोनों खिलाड़ियों के बीच माहौल कैसा रहता है.
बांग्लादेश ने मैच पर बनाई मजबूत पकड़
मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी सिर्फ 198 रन पर सिमट गई थी. इसके जवाब में बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 351 रन बना लिए हैं. बांग्लादेश ने 153 रनों की बढ़त हासिल करने के साथ मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. अब तीसरे दिन बांग्लादेश की टीम अपनी बढ़त को और बढ़ाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम जल्द से जल्द पारी समेटकर मैच में वापसी करना चाहेगी.