Abhishek Sharma ODI Call-Up: एशिया कप 2025 में अभिषेक शर्मा कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं. वो 4 मैचों में 173 रन बना चुके हैं। शर्मा टीम इंडिया के नए सिक्सर किंग बन गए हैं. टी20 अंतर्राष्ट्रीय में वो भारतीय टीम के सबसे अहम बल्लेबाज हैं और हमेशा अच्छी शुरुआत देने की कोशिश करते हैं. रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट और टी20 अंतर्राष्ट्रीय से रिटायरमेंट ले लिया है. कुछ सालों में उनके वनडे करियर का भी अंत हो जाएगा. ऐसे में शायद टीम इंडिया अब रोहित का रिप्लेसमेंट ढूंढ रही है और अभिषेक शर्मा का नाम दावेदारों में आया है.
अभिषेक शर्मा वनडे टीम का बन सकते हैं हिस्सा
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक अभिषेक शर्मा को सिलेक्टर्स वनडे में शामिल करने वाले हैं. उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए चुना जा सकता है. बता दें कि भारतीय टीम अक्टूबर-नंबर में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली है. उनके बीच 3 वनडे और 5 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज होने वाली है. अभिषेक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 तो खेलते हुए नजर आएंगे ही, अब उन्हें वनडे के स्क्वाड में भी जगह मिल सकती है. अभिषेक को अपने धमाकेदार प्रदर्शन का फल मिल रहा है.
रोहित शर्मा का होंगे रिप्लेसमेंट!
रोहित शर्मा सिर्फ अब भारत के लिए वनडे ही खेलते हुए नजर आएंगे. हालांकि, उनका अंतर्राष्ट्रीय करियर ज्यादा लंबा नहीं रहने वाला है. साफ तौर पर भारतीय टीम उनका रिप्लेसमेंट ढूंढने में लगी होगी. शुभमन गिल ने एक ओपनर के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली है. रोहित जब भी रिटायर होंगे, तो टीम में उनकी जगह भरने के लिए किसी आक्रमक बल्लेबाज की जरूरत होगी. शर्मा हमेशा ही टीम इंडिया को धमाकेदार शुरुआत दिलाते हैं और अभिषेक का खेलने का तरीका भी कुछ वैसा ही है. इसी वजह से शायद रोहित का रिप्लेसमेंट सिलेक्टर्स तैयार कर रहे हैं. अभिषेक अभी से वनडे टीम में होंगे, तो वो रोहित से भी चीजें सीख पाएंगे.