WPL Auction 2027 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. महिला प्रीमियर लीग की आगामी नीलामी 28 अक्टूबर को केरल के कोच्चि में आयोजित की जाएगी. इस बार ऑक्शन के लिए कुल 146 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, लेकिन सभी फ्रेंचाइजियों के पास खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए केवल 27 जगह खाली हैं.
ऑक्शन लिस्ट में 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. भारतीय खिलाड़ियों में 22 अनुभवी यानी कैप्ड और 97 अनकैप्ड खिलाड़ी हैं. वहीं, विदेशी खिलाड़ियों की सूची में 14 कैप्ड और 13 अनकैप्ड खिलाड़ी जगह बनाने में सफल रही हैं. खास बात यह है कि विदेशी खिलाड़ियों में एसोसिएट देशों की छह खिलाड़ी भी शामिल हैं.
27 खाली स्लॉट के लिए भिड़ेंगी टीमें
WPL 2027 की नीलामी में टीमों को कुल 27 खिलाड़ियों का चयन करना है. इनमें 20 भारतीय और सात विदेशी खिलाड़ियों के लिए जगह उपलब्ध है.
इस बार भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों की संख्या काफी ज्यादा है. कुल 97 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए अपना नाम दिया है. वहीं, 22 कैप्ड भारतीय खिलाड़ी भी टीमों का ध्यान खींचने की कोशिश करेंगी. ऐसे में कुछ नए चेहरों को लीग में खेलने का मौका मिल सकता है.
सोफिया डंकली और सोफी मोलिन्यूक्स का सबसे ज्यादा बेस प्राइस
नीलामी में इंग्लैंड की सोफिया डंकली और ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यूक्स सबसे ऊंचे बेस प्राइस वाली खिलाड़ियों में शामिल हैं. दोनों ने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखा है. भारतीय खिलाड़ियों में जी. कमालिनी और किरण नवगिरे का बेस प्राइस 40 लाख रुपये है. विदेशी खिलाड़ियों में हीदर ग्राहम और जेस जोनासन भी इसी श्रेणी में शामिल हैं.
इसके अलावा, कुल 30 खिलाड़ियों ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज कराया है. अब देखना होगा कि फ्रेंचाइजियां किन खिलाड़ियों पर भरोसा जताती हैं और कौन सी खिलाड़ी बड़ी बोली हासिल करने में सफल रहती हैं.
कब और कितने बजे शुरू होगा WPL Auction 2027?
महिला प्रीमियर लीग 2027 का ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में आयोजित होगा. इसकी शुरुआत शाम 5:30 बजे होगी. नीलामी के दौरान सभी टीमें अपने उपलब्ध स्लॉट और बजट के हिसाब से खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी. कम जगहों के लिए ज्यादा खिलाड़ियों की मौजूदगी इस ऑक्शन को दिलचस्प बना सकती है.