IPL 2025: आईपीएल 2025 का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है। सभी टीमों ने अपने कप्तान का भी ऐलान कर दिया है। पहला मैच आरसीबी बनाम केकेआर के बीच खेला जाएगा। हालांकि सीजन शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल 2025 के सभी 10 कप्तानों को मुंबई में तलब किया है। बीसीसीआई सभी कप्तानों के साथ अहम मुद्दे पर चर्चा करने वाली है।
बीसीसीआई ने बुलाई मीटिंग
20 मार्च को बीसीसीआई मुख्यालय में बोर्ड ने आईपीएल 2025 के सभी 10 कप्तानों की बैठक बुलाई है। कप्तानों के अलावा, सभी 10 फ्रैंचाइजी के प्रबंधकों को भी इसमें शामिल होने के लिए कहा गया है। क्रिकबज के मुताबिक क्रिकेट सेंटर में होने वाली बैठक करीब 1 घंटे तक चलेगी। इस दौरान सभी टीमों के कप्तानों को नए नियम से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद कुछ अन्य कार्यक्रम भी ताज होटल में किए जाएंगे। कुल मिलाकर ये कार्यक्रम लगभग 4 घंटे तक चलेगा, जिसका समापन सभी कप्तानों के पारंपरिक फोटो शूट के साथ होगा।
आईपीएल 2025 के सभी कप्तानों की लिस्ट
पांच बार कि विजेता मुंबई इंडियंस की कमान हार्दिक पांड्या संभालेंगे। वहीं पैट कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से कप्तानी संभालेंगे। इसके अलावा रुतुराज गायकवाड़ सीएसके की तो रजत पाटीदार को इस बार आरसीबी की कप्तानी का जिम्मा मिला है। वहीं एलएसजी की कमान ऋषभ पंत पहली बार संभालेंगे। इसके अलावा श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स तो संजू सैमसन साल 2008 की विजेता राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करेंगे। उनके अलावा केकेआर ने इस बार अजिंक्य रहाणे पर भरोसा जताया है, जबकि गुजरात के रथ की कमान युवा शुभमन गिल के पास है।