Asia Cup 2025 IND vs PAK: एशिया कप 2025 की तारीख सामने आ चुकी है। 9 सितंबर से टूर्नामेंट का आगाज होगा। जिसके सभी मुकाबले यूएई में खेले जाएंगे। शेड्यूल के मुताबिक एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का मैच 14 सितंबर को होना है, जिसपर काफी बवाल छिड़ा है। सोशल मीडिया पर इस मैच को रद्द करने की मांग उठ रही है। क्योंकि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। संसद में भी इस मैच का मुद्दा काफी चर्चा में है। वहीं अब भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
क्या रद्द हो जाएगा भारत-पाकिस्तान मैच?
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक शीर्ष सूत्रों ने बताया कि “यह कोई द्विपक्षीय मुकाबला नहीं, बल्कि एक बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट का मैच है। अगर भारत यह मैच नहीं खेलता या छोड़ देता है, तो इससे पाकिस्तान को भारी बढ़त मिल जाएगी। यह उन्हें वॉकओवर देने जैसा होगा, जो सही नहीं है।”
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में भी नहीं खेला भारत
इन दिनों इंग्लैंड में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 टूर्नामेंट खेला जा रहा है। जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच 20 जुलाई को मुकाबला खेला जाना था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के साथ खेलने से मना कर दिया था। शिखर धवन ने तो यहां तक भी कह दिया था कि अगर सेमीफाइनल में उनका मैच पाकिस्तान के साथ होता है तो वे नहीं खेलेंगे।
पहलगाम में 26 अप्रैल को हुआ था आतंकी हमला
आईपीएल 2025 के बीच 26 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने मासूम पर्यटकों को अपना निशाना बनाया था, इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद से पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर कई आतंकवादी ठिकानों को उड़ाया था।