India vs England 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच में मैनचेस्टर के ओल्ड टैफर्ड में खेला गया। इस रोमांचक मैच को टीम इंडिया ने शानदार बल्लेबाजी करके ड्रॉ करवाया। एक समय मैच में टीम इंडिया की हार तय लग रही थी, लेकिन रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर के शानदार शतकों की बदौलत भारतीय टीम ने इंग्लैंड को भी मैनचेस्टर टेस्ट जीतने नहीं दिया। इस मैच में वाशिंगटन सुंदर ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया, जो उनके लिए काफी खास रहा। वहीं सुंदर के शतक के बाद भी उनके पिता टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाते हुए दिखाई दिए।
वाशिंगटन के पिता ने उठाया सवाल
मैनचेस्टर टेस्ट के पांचवें दिन वाशिंगटन सुंदर को रवींद्र जडेजा से ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया था, जिसको उन्होंने सही साबित भी करके दिखाया। मैच के अंत तक इंग्लैंड के बल्लेबाज वाशिंगटन सुंदर को आउट नहीं कर पाए थे और उन्होंने अपना पहला टेस्ट शतक भी पूरा किया। वहीं वाशिंगटन सुंदर के पिता ने एम सुंदर ने अपने बेटे के शतक पर बयान देते हुए कहा “उसने हमेशा लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, बावजूद इसके लोग उसको भूल जाते हैं। बाकी खिलाड़ियों को तो लगातार खेलने के मौके मिलते हैं, लेकिन सिर्फ मेरे बेटे को ही नहीं मिलते।” पांचवें दिन बल्लेबाजी करते हुए सुंदर ने 206 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 101 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 2 विकेट भी हासिल किए थे।
भारत ने दूसरी पारी में बनाए थे 425 रन
टीम इंडिया ने मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में 358 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 669 रन बनाए थे। जिसके चलते इंग्लैंड के पास 311 रनों की बढ़त हो गई थी। वहीं दूसरी पारी में टीम इंडिया की बेहद खराब शुरुआत हुई थी और शून्य पर ही टीम इंडिया को यशस्वी जायसवाल और साईं सुदर्शन के रूप में 2 बड़े झटके लग गए थे। यहां से टीम इंडिया की जीत काफी मुश्किल लग रही थी, लेकिन पहले केएल राहुल-शुभमन गिल और फिर रवींद्र जडेजा-वाशिंगटन सुंदर ने कमाल की पारी खेलकर मैच को ड्रॉ करा दिया।
दूसरी पारी में शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने शतक लगाए थे, जबकि केएल राहुल 90 रन बनाकर आउठ हुए थे। फिलहाल टीम इंडिया सीरीज में 1-2 से पीछे है अब आखिरी टेस्ट मैच को जीतकर भारतीय टीम सीरीज को 2-2 की बराबरी पर खत्म करना चाहेगी।