Anshuman Gaekwad Death: भारत की मिट्टी ने योद्धाओं को जन्म दिया है। उनके अंदर अपने देश के लिए मर-मिटने का जुनून साफ नजर आता है। वे इसके लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। ऐसे ही योद्धा थे- टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और कोच अंशुमान गायकवाड़। गायकवाड़ ने बुधवार को लंबी बीमारी के बाद दुनिया को अलविदा कह दिया। गायकवाड़ के जाने के बाद खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। क्रिकेटप्रेमी उनकी जिद, जुनून और कभी हार न मानने का स्वभाव को याद कर रहे हैं। क्रिकेट की दुनिया में अंशुमान गायकवाड़ के कई किस्से मशहूर रहे हैं। उनमें से एक है वेस्ट इंडीज के मैदान में मचे रक्तपात के बीच उनकी जुझारू पारी और दूसरा पाकिस्तान के खिलाफ जालंधर में ठोकी गई डबल सेंचुरी। आइए उनकी इन हिम्मत देने वाले खास किस्सों पर एक नजर डालते हैं...
माइकल होल्डिंग ने किया घायल, बहने लगा खून, फिर भी खिलाफ लड़ते रहे
पहले बात 1975-76 के उस दौरे की, जब भारतीय टीम वेस्ट इंडीज गई और वहां खूब बवाल मचा। उस वक्त क्रिकेट की दुनिया में विंडीज के गेंदबाज माइकल होल्डिंग के नाम का खौफ था। लंबी कद-काठी के इस बॉलर की बाउंसर को देख अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों के पसीने छूट जाते थे, लेकिन टीम इंडिया के ओपनर अंशुमान गायकवाड़ ने उनके सामने ऐसी बल्लेबाजी की कि दुनिया दांतों तले अंगुली दबा बैठी। चौथे और आखिरी टेस्ट मैच में होल्डिंग ने अपनी बाउंसर से भारतीय खिलाड़ियों को घायल कर दिया था, लेकिन मैदान पर मौजूद अंशुमान गायकवाड़ अकेले ही लड़ते रहे। किंग्स्टन के मैदान पर ये लड़ाई लड़ते-लड़ते अंशुमान गायकवाड़ की उंगली ही टूट गई। उनके कान से खून बहने लगा, लेकिन वे पीछे नहीं हटे। क्रिकेट के इतिहास में इस किस्से को इसलिए भी याद किया जाता है क्योंकि भारतीय खिलाड़ियों के साथ हो रहे व्यवहार के विरोध में कप्तान बिशन सिंह बेदी ने बल्लेबाजी करने से ही मना कर दिया था। जिस पर काफी बवाल मचा। आखिरकार अंशुमान गायकवाड़ 81 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौट गए। लेकिन क्रिकेट की दुनिया में गायकवाड़ की हिम्मत के लिए उनके इस किस्से को आज भी याद किया जाता है। बाद में गायकवाड़ के कान की सर्जरी भी हुई थी।