Abhishek Sharma: टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने गुरुवार (17 सिंतबर) को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में अपने बल्ले से तबाही मचाते हुए रिकॉर्ड बुक हिला दी. अभिषेक ने महज 30 गेंदों पर तूफानी शतक जड़कर इतिहास रच दिया. उन्होंने 34 गेंदों पर 108 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने 9 चौके और 10 गंगनचुंबी छक्के भी जड़े.
30 गेंदों पर सेंचुरी लगाने के साथ अभिषेक अब भारत के लिए सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया. हिटमैन का रिकॉर्ड तोड़ने पर अभिषेक ने बड़ा बयान दिया है.
रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने पर अभिषेक का बड़ा बयान
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने करीब 9 साल पहले भारत के लिए सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था. रोहित ने साल 2017 में इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों शतक जड़ा था. हालांकि, अब अभिषेक ने रोहित से 5 गेंदें कम 30 गेंदों पर सेंचुरी लगाकर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है. अभिषेक अब भारत के लिए सबसे तेज टी20I शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने पर अभिषेक ने BCCI को दिए इंटरव्यू में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हिटमैन का रिकॉर्ड तोड़ना मेरी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है. अभिषेक ने कहा, “मुझे आज भी याद है कि रोहित पाजी किस तरह T20 क्रिकेट खेलते थे. घर पर उन्हें खेलते हुए देखना मुझे बहुत पसंद था और उस रिकॉर्ड को तोड़ना फिलहाल मेरी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है.”
तोड़ा फिन एलन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे तेज टी20I शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. अभिषेक का 30 गेंदों पर सेंचुरी किसी फुल मेंबर टीम के बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक है. इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिन एलन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ 33 गेंदों पर शतक लगाकर यह उपलब्धि हासिल की थी.
हालांकि, टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एस्टोनिया के साहिल चौहान ने 27 गेंदों पर और तूर्की के मुहम्मद फहाद ने 29 गेंदों पर शतक जड़ा है, लेकिन फुल मेंबर देशों में अभिषक 30 गेंदों पर सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा, उन्होंने अपनी इस शानदार पारी के दौरान कई और भी रिकॉर्ड अपने नाम किए. अभिषेक ने पावरप्ले में सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाकर मेंस टी20 इंटरनेशनल मैचों में पावरप्ले में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का नया रिकॉर्ड बनाया.