Kaalchakra News24 Today, Pandit Suresh Pandey: भगवान शिव के अवतार हनुमान जी को राम जी का परम भक्त माना जाता है, जिनकी पूजा करने से साधक को विशेष फल की प्राप्ति होती है। साथ ही व्यक्ति को भय, लालसा और क्रोध से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख, शांति, खुशहाली, धन, वैभव और यश का आगमन होता है। हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए कई लोग हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं।
हनुमान चालीसा में बजरंग बली के गुण, पराक्रम और चरित्र का चौपाइ के रूप में उल्लेख किया गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, जो लोग नियम अनुसार हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं, उन्हें बजरंग बली से मनचाहा वर मिलता है। आज के कालचक्र में पंडित सुरेश पांडेय आपको हनुमान चालीसा के महत्व के बारे में बताने जा रहे हैं।
हनुमान चालीसा पाठ के लाभ
माना जाता है कि जो लोग नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं, उनका आध्यात्मिक बल बढ़ता है। हर परिस्थिति में उनका मन शांत रहता है। साथ ही दिमाग को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है, जिससे व्यक्ति मन लगाकर काम कर पाता है।
डिप्रेशन या एंजाइटी की समस्या से छुटकारा पाने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करना शुभ माना जाता है।
जो लोग बुरी संगत में फंस गए हैं या बुरे कर्म करते हैं, उन्हें हनुमान चालीसा का पाठ जरूर करना चाहिए। इससे वो जल्द ही बुराइयों से बच सकते हैं।
कुंडली में नवग्रहों की स्थिति को मजबूत करने के लिए भी हनुमान चालीसा का पाठ करना शुभ माना जाता है। खासतौर पर उन लोगों के लिए ये लाभदायक होता है, जिनके ऊपर शनि की महादशा, शनि की साढ़ेसाती या ढैय्या चल रही होती है।
जो लोग नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं, उन्हें मंगल दोष का सामना नहीं करना पड़ता है। साथ ही जीवन में सुख, शांति, खुशहाली, धन और वैभव का वास होता है।