First Roti for Cow: हिंदू धर्म में जीवन को खुशहाल बनाने के लिए कई नियमों के बारे में बताया गया है। इनमें से कई नियम तो ऐसे हैं, जिनका पालन माता-पिता अपने बच्चों को बचपन से कराते हैं। इन्हीं में से एक हैं खाना बनाते समय पहली रोटी गाय के नाम की निकालना। मान्यता है कि रोटी बनाते समय पहली रोटी गाय के नाम की अलग रख देनी चाहिए और फिर बाद में उसे खुद अपने हाथ से गाय को खिलानी चाहिए।
लेकिन क्या आपको ये पता है कि पहली रोटी गाय के लिए ही क्यों निकाली जाती है? गाय की जगह कुत्ते, भैंस या फिर किसी ओर जानवर के लिए क्यों नहीं निकाली जाती है। अगर नहीं, तो आइए जानते हैं कि पहली रोटी गाय के लिए निकालने के पीछे क्या मान्यता है।
गाय की पूजा क्यों करते हैं?
हिंदू धर्म में गाय को माता माना जाता है। प्राचीन काल से ही गौ माता की पूजा की जाती है। मान्यता है कि गौ माता बहुत ज्यादा पवित्र होती हैं। इसलिए जो लोग उनकी पूजा करते हैं, उन पर हमेशा भगवान का आशीर्वाद बना रहता है। इसके अलावा गाय की सेवा करने से व्यक्ति को कई तरह के पुण्य की प्राप्ति होती है, जिससे उसके जीवन में आ रही कई समस्याएं कम हो जाती हैं। इसी के साथ उसके घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
पहली रोटी गाय को खिलाने से क्या होता है?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, गाय में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। इसलिए बड़े-बूढ़े गौ माता की सेवा करने के लिए कहते हैं। इसके अलावा जब महिलाएं खाना बनाती है, तो वह सबसे पहली रोटी गाय के लिए ही बनाती है। मान्यता है कि अगर पहली रोटी आप गाय के नाम की बनाते हैं और उसे गौ माता को खिलाते हैं। तो इससे आप सभी देवी-देवताओं को भोग लगा रहे हैं। इससे सदा आप पर भगवान का आशीर्वाद बना रहता है।
गाय को रोटी खिलाने से क्या लाभ मिलता है?
ग्रह
मान्यता है कि गाय को रोटी खिलाने से कुंडली में ग्रह शांत होते हैं। जिन लोगों की कुंडली में ग्रहों का दोष होता है, उन्हें रोजाना गाय को रोटी खिलानी चाहिए।
सुख-शांति
अगर आपके परिवार में हमेशा लड़ाई-झगड़े होते रहते हैं, तो घर की शांति के लिए नियमित रूप से गाय को रोटी खिलाएं। मान्यता है कि गाय को रोटी खिलाने से देवता प्रसन्न होते हैं, जिससे परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
आर्थिक समस्या
लंबे समय से अगर आपकी आर्थिक स्थिति खराब चल रही है, तो ऐसे में पहली रोटी गाय के नाम की बनाएं और उसे अपने हाथों से गाय को खिलाएं। इससे आपके ग्रह शांत होंगे और धन के योग बनने लगेंगे।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यता पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी उपाय को करने से पहले संबंधित विषय के एक्सपर्ट से सलाह अवश्य लें।