Vijayadashami Shastra Puja 2026: विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है. दशहरा पर्व के मौके पर शस्त्र पूजा भी की जाती है. दशहरा के दिन भगवान राम ने रावण का वध कर लंका पर विजय हासिल की थी. इसी वजह से इसे विजयादशमी के नाम से जानते हैं. दशहरा के मौके पर शस्त्र पूजा करने को लेकर क्या मान्यता है? यहां आप इसके बारे में जान सकते हैं.
कब है दशहरा?
शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों का समापन होने के बाद दशमी तिथि को दशहरा मनाया जाता है. आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर विजयादशमी का पर्व मनाने की परंपरा हैं. इस दिन देशभर में कई जगहों पर रावण दहन का आयोजन किया जाता है. द्रिक पंचागं के अनुसार, 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर दशमी तिथि का आरंभ होगा. इसका समापन 21 अक्टूबर को दोपहर को 2 बजकर 11 मिनट पर होगा. पंचांग के अनुसार, 20 तारीख को दशहरा मनाया जाएगा.
विजयादशमी पर शस्त्र पूजा का महत्व
हिंदू धर्म में शस्त्रों को सिर्फ हथियार नहीं बल्कि, शक्ति, साहस, आत्मरक्षा और धर्म की रक्षा का प्रतीक मानते हैं. शस्त्र का खास धार्मिक महत्व है. शस्त्रों को अन्याय के विरुद्ध लड़ने और धर्म की रक्षा करने के लिए खास माना जाता है. इन्हीं कारणों से शस्त्र पूजा की जाती है. भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से शस्त्रों की पूजा की जाती रही है. राजा-महाराजाओं के समय भी यह परंपरा निभाई जाती थी. आज के समय में भी लोग अस्त्र-शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा करते हैं.
शस्त्र पूजा करने की परंपरा का इतिहास
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत काल से शस्त्रों की पूजा करने का विधान है. पौराणिक कथा के मुताबिक पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान अपने हथियार एक शमी के पेड़ के नीचे छिपाए थे. अज्ञातवास पूरा होने पर उन्होंने हथियार निकालने के बाद शमी के पेड़ और शस्त्रों की पूजा की. इस दिन आश्विन शुक्ल पक्ष दशमी थी. इसी वजह से विजयादशमी पर शस्त्र पूजा का विधान है.
अन्य मान्यताएं
दशहरा के दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया था. इस दिन को विजय का प्रतीक मानते हैं. इसके साथ इसी तिथि पर मां दुर्गा द्वारा महिषासुर का वध किए जाने की मान्यता है. यह दिन नकारात्मकता पर सकारात्मकता की जीत का प्रतीक है. विजयादशमी का दिन इन कारणों से भी हथियारों की पूजा करने के लिए खास माना जाता है.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है और केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.