घर में जमा दही छोड़ देता है जल्दी पानी? इन आसान ट्रिक्स से बनेगा एकदम गाढ़ा और मलाईदार दही
क्या आप जो दही घर पर जमाते हैं, वह जल्दी पानी छोड़ देता है, जिस कारण दही गाढ़ा और स्वाद वाला नहीं बन पाता है? आइए जानते हैं आप कैसे घर पर बना सकते हैं डेयरी जैसी दही.

घर पर जमाया हुआ दही कई बार ठीक से सेट नहीं होता और उसके ऊपर पानी नजर आने लगता है, जिसके कारण मनचाहा दही नहीं मिल पाता है. कभी दही बहुत पतला रहता है तो कभी उसका टेक्सचर बाजार में मिलने वाले दही जैसा क्रीमी नहीं बनता. हालांकि, जमाने के तरीके में कुछ छोटे बदलाव करके इसे बेहतर बनाया जा सकता है, आइए जानते हैं कैसे?
फुल क्रीम दूध का करें इस्तेमाल
2 / 8गाढ़ा और मलाईदार दही जमाने के लिए दूध का चुनाव सबसे ज्यादा मायने रखता है. फुल क्रीम दूध में फैट की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे दही अच्छी कंसिस्टेंसी के साथ जमता है. टोंड या स्किम्ड दूध से बना दही पतला हो सकता है, इसलिए फुल क्रीम दूध का ही इस्तेमाल करें.
दूध को अच्छी तरह उबालें
3 / 8दही जमाने से पहले दूध को अच्छी तरह उबालना जरूरी है. इसके बाद दूध को थोड़ा ठंडा होने दें. जब यह हल्का गुनगुना रह जाए, तभी इसमें जामन मिलाएं. बहुत गर्म दूध में जामन डालने से दही जमने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, जबकि बहुत ठंडे दूध में भी सही तरीके से सेट होने में परेशानी हो सकती है.
जामन की मात्रा का रखें ध्यान
4 / 8दही जमाने के लिए पहले से जमा हुआ ताजा दही जामन के तौर पर इस्तेमाल करें. एक लीटर दूध के लिए करीब एक से दो चम्मच जामन काफी हो सकता है. बहुत ज्यादा जामन डालने से दही जल्दी खट्टा हो सकता है, जबकि बहुत कम जामन डालने पर दही ठीक से जमने में ज्यादा समय ले सकता है.
मिट्टी के बर्तन में जमाएं दही
5 / 8अगर आप ज्यादा गाढ़ा दही चाहते हैं, तो मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल कर सकते हैं. मिट्टी का बर्तन अतिरिक्त नमी सोखने में मदद करता है, जिससे दही का टेक्सचर ज्यादा गाढ़ा हो सकता है. वहीं, कांच या स्टील का बर्तन भी इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन प्लास्टिक से बचना बेहतर है.
सही तापमान भी है जरूरी
6 / 8दही जमने के लिए वातावरण का सही तापमान जरूरी होता है. खासकर ठंड के मौसम में दूध को ऐसी जगह रखें जहां हल्की गर्माहट हो. बहुत ठंडी जगह पर रखने से दही जमने में ज्यादा समय लग सकता है.
जमते समय दही को बिल्कुल न छेड़ें
7 / 8जामन मिलाने के बाद दूध को बार-बार हिलाने या चेक करने की गलती न करें. बर्तन को एक जगह रखकर उसे कुछ घंटों के लिए बिना हिलाए छोड़ दें. आमतौर पर दही को सेट होने में करीब 6 से 8 घंटे लग सकते हैं, हालांकि मौसम के हिसाब से समय बदल भी सकता है.
जमने के बाद तुरंत फ्रिज में रखें
8 / 8दही अच्छी तरह जम जाए तो उसे ज्यादा देर तक कमरे के तापमान पर न छोड़ें. खासकर गर्म मौसम में दही जल्दी खट्टा हो सकता है और पानी छोड़ने की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए दही सेट होते ही उसे फ्रिज में रख दें, इससे उसका टेक्सचर और स्वाद बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है. (Image: Pexels) यह भी पढ़ें: व्रत वाला दही हो जाता है खट्टा? इन आसान ट्रिक्स से लंबे समय तक रहेगा फ्रेश