Relationship Tips: प्यार एक खूबसूरत एहसास है और हम जिससे प्यार करते हैं उसके साथ रिश्ते में हमेशा खुश रहना चाहते हैं. शायद यह उस व्यक्ति के साथ होने वाली खुशी ही है जो हमें उसकी तरफ खींचती है और जिस चलते हम उससे प्यार करने लगते हैं. लेकिन, ऐसे कितने ही लोग हैं जिन्हें प्यार (Love) में अक्सर रोना पड़ता है. प्यार पाकर और रिलेशनशिप में आकर भी अगर रोना आता है तो इसका मतलब यह है कि व्यक्ति अपने पार्टनर के साथ दुखी है. प्यार होता भी ऐसा है कि व्यक्ति वर्तमान से ज्यादा बीते कल में रहता है. पार्टनर पहले अच्छा था, पहले प्यार करता था, पहले वक्त देता था या पहले कितना चाहता था जैसी बातें दिमाग में आती हैं तो वर्तमान में वह क्या कर रहा है और उसके साथ भविष्य खराब भी हो सकता है इसका होश नहीं रहता. ऐसे में आप ये गलती ना करें इसीलिए पहले ही जान लीजिए कि किस तरह के व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में आने पर अक्सर रोना (Crying In Relationship) पड़ता है. पहले ही संभल जाएंगे तो प्यार में पड़कर रोते नहीं रहना पड़ेगा.
किन लोगों के साथ प्यार में रोना पड़ता है
जो दिल की बात नहीं सुनना चाहता
जिस व्यक्ति के साथ आप बैठकर अपने दिल की बात नहीं कर सकते और जिसके पास आपके लिए समय नहीं है उसके साथ रिलेशनशिप में खुश रहना मुश्किल होता है. रिश्ता खुशी से उसी व्यक्ति के साथ बिताया जा सकता है जिसके सामने आप कमजोर हो सकें और जो आपको संभालने के लिए हमेशा आपका साथ दे.
अगर आपका अपना ही पार्टनर (Partner) आपको इग्नोर करता है, आपकी बात नहीं सुनना चाहता, अगर आप उसकी प्रायोरिटी नहीं हैं और आपके बजाय वह हर किसी को अपना समय दे रहा है तो ऐसे व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में रोना पड़ सकता है.
जो मैसेज का रिप्लाई ना करे
यह एक बेहद छोटी सी बात लगती है लेकिन जब तकलीफ होती है यही बात सबसे ज्यादा चुभती है. रिलेशनशिप में हर समय पार्टनर एकदूसरे के साथ ही रहें जरूरी नहीं है. ऐसे में अगर आपका पार्टनर आपको मैसेज नहीं करता या आपके मैसेज का रिप्लाई नहीं करता तो बुरा लगता है. कई बातें और बात करने का उत्साह इसी वजह से दबकर रह जाता है.
अगर आपके पार्टनर ने कभी आपको धोखा दिया है या ऐसा कुछ किया है जिसके कारण आप उसपर भरोसा नहीं कर सकते, तो ऐसे व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में रोना पड़ सकता है. वह कहीं आएगा-जाएगा तब भी आपके मन में यही सवाल रहेगा कि वह कहां है या किसके साथ है और क्या कर रहा है. उसे लगेगा कि आप उसपर शक कर रहे हैं तो लड़ाई होगी सो अलग. कुल मिलाकर हैप्पी रिलेशनशिप वही होते हैं जहां पार्टनर्स को एकदूसरे पर भरोसा होता है.
जो आपको कंट्रोल करना चाहे
अगर आपका पार्टनर आपको कंट्रोल करता है या करना चाहता है तो ऐसे व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में खुश रहना मुश्किल होता है. कंट्रोलिंग और इमोशनली मैनिपुलेट करने वाले पार्टनर के साथ हेल्दी रिलेशनशिप में रहना मुश्किल होता है.