Homemade Room Freshener: कभी-कभी चाहे आप घर की कितनी ही सफाई कर लें, लेकिन फिर भी किचन, बंद कमरे या आसपास से अजीब सी बदबू आती रहती है. इससे बचने के लिए कई लोग बाजार से महंगे रूम फ्रेशनर लाते हैं. मगर इन रूम फ्रेशनर्स के साथ भी ये दिक्कत रहती है कि उनकी खुशबू कुछ देर तक ही रहती है और फिर गायब हो जाती है. लेकिन, आपको हर बार महंगा रूम फ्रेशनर खरीदने की जरूरत नहीं है. किचन में पाए जाने वाले 3 मसालों से ही आप घर की बदबू को कुछ समय के लिए कम कर सकते हैं. आइए जानते हैं कि कौन से हैं वो मसाले जो आपके घर की बदबू (Ghar Ki Badbu) कम करने में मदद कर सकते हैं और इनका इस्तेमाल कैसे करना है.
यह भी पढ़ें – सोफा हो गया है गंदा, जम गई है धूल? यहां जानिए बिना किसी मशीन घर पर कैसे करें सफाई
होममेड फ्रेशनर कैसे बनाएं
तेजपत्ता- 6 से 8
दालचीनी की स्टिक- 2
लौंग- 8 से 10
पानी- 1 लीटर
तेजपत्ता, दालचीनी और लौंग की खुशबू से बदलेगा माहौल
तेजपत्ते से हल्की हर्बल खुशबू आती है, दालचीनी से गर्म और मीठी खुशबू आती है, वहीं लौंग से तेज और मसालेदार खुशबू आती है. लेकिन एक बात ध्यान रखने की है कि इसका काम बदबू को कुछ समय के लिए कम या ढकना है ना कि उसे जड़ से खत्म करना. अगर घर में हर वक्त सीलन, कूड़े या नाली जैसी बदबू आती है तो इसके लिए जरूरी है कि उसके मूल कारण की पहचान करके उसे दूर किया जाए.
फ्रेशनर बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक पैन लें और उसमें तीनों मसाले डाल दीजिए.
- अब इस पैन में पानी डालकर इसे मीडियम फ्लेम पर उबालने के लिए रख दीजिए.
- जैसे ही पानी में उबाल आ जाए, वैसे ही फ्लेम को कम कर दीजिए.
- अब लगभग 15 से 20 मिनट तक इसे धीमी फ्लेम पर पकने दें ताकि मसालों की खुशबू और भाप आसपास फैल सके.
- पैन को ढकें नहीं ताकि इसकी खुशबू आसपास फैलती रहे.
- अगर आपको लगे कि पानी कम हो गया है, तो आप बीच में थोड़ा और पानी डाल सकते हैं.
कहां-कहां कर सकते हैं इसका इस्तेमाल?
इसका इस्तेमाल आप किचन के आसपास, लिविंग रूम या फिर बंद बेडरूम में भी कर सकते हैं. अगर किचन में खाना बनाने के बाद हल्की खाने की गंध आ रही है तो उसे कम करने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर आप इस फ्रेशनर की खुशबू को अपने हिसाब से रखना चाहते हैं तो इसकी खुशबू को अपने मुताबिक एडजस्ट भी कर सकते हैं. इसके लिए आप अपने हिसाब से दालचीनी या लौंग की मात्रा घटा-बढ़ा सकते हैं. थोड़ी और अच्छी खुशबू चाहते हैं तो इसमें संतरे के छिलके भी डाल सकते हैं.
बदबू हटाने के साथ ये गलती न करें
- जब आप इसे गैस पर रख रहे हों तो इसे बिना निगरानी के न छोड़ें.
- ध्यान रहे कि पानी पूरी तरह न सूखने दें, नहीं तो मसाले जल सकते हैं.
- कभी भी इसे रातभर गैस पर रखकर न छोड़ें. अगर आप कहीं बाहर जा रहे हैं तो भी इसे गैस पर छोड़कर न जाएं.
यह भी पढ़ें – सोने-चांदी के गहने तो देखे होंगे, क्या कभी चांदी की चटनी खाई है? होश उड़ा देगी कीमत