इंडिया गेट जाने वालों को बड़ा झटका! अब नहीं कर सकेंगे ये पसंदीदा काम, नियम तोड़ने पर लगेगा भारी जुर्माना

India Gate Rules: दिल्ली के प्रसिद्ध इंडिया गेट की खूबसूरती और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने नियमों में बड़े बदलाव किए हैं. अब घास पर बैठने, पिकनिक मनाने पर रोक और प्रति घंटे पार्किंग शुल्क लगेगा.

India Gate Introduces New Visitor Rules

इंडिया गेट पर आने वालों के लिए नए नियम

इंडिया गेट के नए नियमों से जुड़ी मुख्य जानकारी:

विज्ञापन
  • दिल्ली के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट इंडिया गेट के नियमों में प्रशासन ने कई बड़े और कड़े बदलाव किए हैं.
  • इंडिया गेट परिसर के भीतर अब पर्यटकों के लिए घास पर बैठने और पिकनिक मनाने पर पूरी रोक लगा दी गई है.
  • हरियाली और पौधों को नुकसान से बचाने के लिए पूरे मैदानी हिस्से को रस्सी से घेरकर बंद कर दिया गया है.
  • परिसर में लगे खूबसूरत फूलों को तोड़ने पर भी पूरी पाबंदी है और ऐसा करने पर जुर्माना देना होगा.
  • यह सभी नए नियम इंडिया गेट की स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरण की सुरक्षा को बनाए रखने के लिए लागू किए गए हैं.

India Gate Rules: अगर आप भी आने वाले दिनों में देश की राजधानी दिल्ली की शान कहे जाने वाले इंडिया गेट पर घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहद जरूरी खबर है. प्रशासन ने इंडिया गेट के नियमों में कई बड़े बदलाव कर दिए हैं, जिन्हें जाने बिना वहां जाना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है. अब आप इंडिया गेट के परिसर में पहले की तरह आजादी से पिकनिक नहीं मना पाएंगे. नए नियमों के तहत अब वहां कई चीजों पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है. अगर कोई भी टूरिस्ट इन नए नियमों का उल्लंघन करता हुआ पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा.

विज्ञापन

किन चीजों पर लगी पूरी तरह रोक?

इंडिया गेट की खूबसूरती को देखने और वहां के हरे-भरे मैदानों में बैठने के लिए हर मौसम में भारी भीड़ उमड़ती है. लोग अक्सर अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां आकर घास पर बैठते थे और खान-पान का आनंद लेते थे, लेकिन अब ऐसा करना मुमकिन नहीं होगा. इंडिया गेट की हरियाली, पेड़-पौधों और खूबसूरती को बचाने के लिए प्रशासन ने पूरे खाली मैदान को रस्सी से बांधकर बंद कर दिया है. इसका मतलब है कि अब कोई भी टूरिस्ट घास वाले मैदान के अंदर नहीं जा सकेगा. मैदान के अंदर बैठने, खाने-पीने और वहां लगे सुंदर फूलों को तोड़ने पर अब पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. अब लोग सिर्फ बाहर से ही इस हरियाली को देख सकेंगे.

विज्ञापन

पार्किंग फीस के नियमों में हुआ बदलाव

नए बदलावों का असर सिर्फ घूमने की जगह पर ही नहीं, बल्कि वाहन पार्किंग की व्यवस्था पर भी पड़ा है. इंडिया गेट पर अब पार्किंग फीस के नियम बदल दिए गए हैं. अब गाड़ियां खड़ी करने के लिए आपको प्रति घंटे के हिसाब से पार्किंग शुल्क देना होगा. इसके अलावा सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए खाने-पीने के जितने भी स्टॉल पहले बाहर की तरफ लगते थे, उन सभी को अब पार्किंग एरिया के ठीक पीछे शिफ्ट कर दिया गया है. इस कदम का मुख्य उद्देश्य इंडिया गेट के मुख्य परिसर में होने वाली अव्यवस्था और गंदगी को रोकना है, ताकि वहां आने वाले विदेशी मेहमानों के सामने देश की अच्छी छवि बने.

पब्लिक टॉयलेट के रास्तों में भी हुआ फेरबदल

प्रशासन ने इस नए नियम के तहत इंडिया गेट के आसपास मौजूद पब्लिक टॉयलेट की व्यवस्था में भी बड़ा फेरबदल किया है. पार्किंग एरिया के पास बने टॉयलेट को अब पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. अब जो भी मुख्य टॉयलेट हैं, वे केवल इंडिया गेट वाले खास एरिया के भीतर ही नागरिकों को इस्तेमाल के लिए मिलेंगे. अधिकारियों का कहना है कि ये सभी कड़े और नए फैसले इंडिया गेट की सुंदरता, स्वच्छता और आकर्षण को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए लिए गए हैं. इसलिए अब जब भी आप इंडिया गेट जाएं, तो इन नए नियमों को अपने ध्यान में जरूर रखें ताकि आपको किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.

विज्ञापन

पार्किंग और अन्य सुविधाओं से जुड़ी जानकारियां:

  • इंडिया गेट पर अब गाड़ियां पार्क करने के लिए पर्यटकों को प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क चुकाना होगा.
  • परिसर के बाहर लगने वाले सभी खाने-पीने के स्टॉल्स को अब हटाकर पार्किंग एरिया के पीछे शिफ्ट कर दिया गया है.
  • पार्किंग एरिया के पास बने पुराने पब्लिक टॉयलेट को अब पूरी तरह से बंद करने का फैसला लिया गया है.
  • पर्यटकों की सुविधा के लिए अब सभी मुख्य टॉयलेट केवल इंडिया गेट वाले मुख्य हिस्से में ही उपलब्ध रहेंगे.
  • नए नियमों के लागू होने से अब पर्यटक केवल बाहर से ही हरियाली का दीदार कर सकेंगे, अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ