त्योहारों का मौसम आते ही बाजारों से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म तक रौनक बढ़ जाती है. दिवाली, धनतेरस या दूसरे त्योहारों पर लोग कपड़े, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, होम डेकोर और गिफ्ट्स खरीदने के लिए ऑनलाइन सेल का इंतजार करते हैं. कंपनियां भी खरीदारी बढ़ाने के लिए डिस्काउंट, कैशबैक और कई तरह के ऑफर देती हैं, लेकिन इन ऑफर्स के बीच साइबर ठगी जैसे मामले भी बढ़ जाते हैं. लोगों को फर्जी वेबसाइट या नकली चीजें दिखाकर पेमेंट लिंक के जरिए पैसे लेकर भाग जाते हैं. ऐसे में त्योहारों की खरीदारी करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप अपनी मेहनत की कमाई को ठगी से बचा सकते हैं.
फर्जी वेबसाइट और नकली ऑफर्स पर दें ध्यान
त्योहारों के दौरान कई बार सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप पर ब्रांडेड कपड़ों, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक्स पर भारी छूट देने वाले एडवर्टाइजमेंट दिखाई देते हैं. इसपर लोग यकीन कर लेते हैं और फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं.
क्या करें?
- सबसे पहले वेबसाइट का लिंक और फिर ऑफर को कंपनी की वेबसाइट या ऐप पर जाकर चेक करें.
- नई वेबसाइट पर जाकर खरीदारी करने से पहले उसकी रिव्यू लिस्ट चेक करें.
- दूसरी जगह से ज्यादा सस्ता सामान मिलने पर तुरंत ऑनलाइन पेमेंट न करें.
नए लिंक पर क्लिक न करें
ऑनलाइन नजर आने वाले लिंक कई बार नकली होते हैं. इसलिए डिस्काउंट, फ्री गिफ्ट या इनाम जीतने के चक्कर में लोग इसपर क्लिक कर देते हैं और सारी इंफॉर्मेशन लोगों के पास चली जाती है.
क्या करें?
- किसी भी अनजान नंबर से आए शॉपिंग लिंक को खोलने से बचें.
- किसी ऑफर के बारे में जाने बिना वेबसाइट से कुछ न ऑर्डर करें.
- किसी के कहने पर मोबाइल में ऐप या फाइल डाउनलोड न करें.
OTP और UPI या PIN किसी के साथ साझा न करें
ऑनलाइन ठगी में कई बार अपराधी बैंक कर्मचारी, कस्टमर केयर अधिकारी या डिलीवरी एजेंट बनकर लोगों को फोन करते हैं. वे रिफंड, पेमेंट वेरिफिकेशन या ऑर्डर कैंसिल करने के नाम पर ओटीपी या बैंकिंग डिटेल्स मांग सकते हैं. बाकी स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल करने से भी बचें.
पेमेंट करने से पहले किन चीजों पर ध्यान दें
ऑनलाइन खरीदारी करते वक्त पेमेंट करने से पहले कुछ बातों पर ध्यान दें जैसे- पब्लिक वाई-फाई या अनजान कंप्यूटर से ऑनलाइन पेमेंट करना, बैंक खाते और कार्ड के ट्रांजैक्शन पर ध्यान और पेमेंट का ऑप्शन असली न होना आदि.
कैश ऑन डिलीवरी का ऑप्शन कब सेलेक्ट करें?
अगर आप किसी नए शॉपिंग प्लेटफॉर्म से सामान खरीद रहे हैं तो कैश ऑन डिलीवरी का ऑप्शन जरूर चेक करें. अगर यह ऑप्शन नहीं दिया गया तो रिफंड पॉलिसी देखें. कई बार ऑनलाइन पेमेंट करने के बाद सामान खराब आ जाता है.
ऑनलाइन ठगी हो जाए तो क्या करें?
अगर आपके खाते से धोखाधड़ी के जरिए पैसे निकल गए हैं तो शिकायत करने में देर न करें. आप 1930 पर फोन करके इस बात की जानकारी सरकार को दे सकते हैं. साथ ही, अपने बैंक या पेमेंट की सारी जानकारी अपने पास करें और तुरंत बैंक वालों से बात करके अपना अकाउंट सिक्योर करवाएं.