How To Remove Humidity: बरसात का मौसम आने से गर्मी में तो काफी राहत मिलती है लेकिन फिर भी हवा में चिपचिपाहट और नमी काफी ज्यादा बढ़ जाती है खासतौर पर घर के अंदर तो बहुत ज्यादा उमस हो जाती है. नमी के साथ-साथ और भी कई परेशानियां होती हैं जैसे कपड़े सूखने में समय लगना, दीवारों से सीलन की बदबू आना या फिर खिड़कियों पर नमी दिखना. इस समस्या का समाधान आपकी रसोई में रखी एक चीज कर सकती है. आइए जानते हैं कि किचन में ही मौजूद इस चीज से कैसे नमी से छुटकारा पाएं.
यह भी पढ़ें – जूते धोने की झंझट छोड़िए, गंदे जूतों की इन घरेलू चीजों से करें फटाफट सफाई
कमरे में रखें नमक
कमरे में नमी से बचने के लिए समाधान बहुत आसान है कि कमरे में ही एक खुली कटोरी में सामान्य नमक रखकर छोड़ दीजिए. इस हैक का ये दावा है कि नमक आसपास की हवा से नमी को खींच लेता है. इसके अलावा और अच्छे परिणाम के लिए इस हैक का छोटी और बंद जगह पर इस्तेमाल करिए जैसे अलमारी, कैबिनेट या कोई दराज. इस हैक की मदद से कमरे की नमी काफी हद तक कम की जा सकती है.
नमक नमी खींचता कैसे है?
आखिर नमक कैसे नमी को खींचता है? दरअसल नमक में हाइग्रोस्कोपिक गुण पाए जाते हैं जिसका आसान शब्दों में ये मतलब है कि ये हवा में मौजूद नमी को आकर्षित करने की ताकत रखता है. इसलिए आपने कई बार देखा होगा कि बरसात के मौसम में नमक के डिब्बे में गांठें पड़ने लगती हैं और कभी-कभी तो नमक गीला भी हो जाता है. इस हैक के पीछे कोई जादू नहीं बल्कि साइंस है.
क्या एक कटोरी नमक से पूरा कमरा सूख जाएगा?
नमक का ये हैक नमी कम करने में कारगर तो है मगर अगर आप ये सोच रहे हैं कि एक कटोरी नमक की मदद से आप पूरा कमरा एकदम सुखा देंगे तो ये गलतफहमी है. इसका सही इस्तेमाल अलमारी या दराज की नमी पूरी तरह से खत्म करने के लिए है न कि पूरे कमरे को सुखाने के लिए. ये उपाय नमी को कम तो कर सकता है, लेकिन खत्म नहीं कर सकता.
नमक कब और कहां आजमा सकते हैं?
नमक के इस उपाय का सही इस्तेमाल करने के लिए इसका उपयोग हल्की नमी और बंद जगहों पर करें जैसे अलमारी, जूते रखने की कैबिनेट, स्टोरेज बॉक्स या छोटी दराज. अगर कटोरी में रखा नमक चिपचिपा या गीला होने लगे तो उसे तुरंत बदल दीजिए.
कमरे की उमस कम करनी है तो ये काम करना भी जरूरी
- कमरे में हमेशा क्रॉस-वेंटिलेशन का इंतजाम रखें ताकि नमी से भरी हवा बाहर निकल सके.
- नहाने के बाद हमेशा बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन कुछ देर के लिए चला दीजिए और दरवाजा खुला छोड़ दीजिए.
- अगर कोई भी गीले कपड़े हैं तो उन्हें कमरे के अंदर न सुखाएं.
यह भी पढ़ें- Teachers Day: टीचर्स डे पर मार्केट से नहीं, खुद बनाएं खूबसूरत कार्ड; ये आसान टिप्स आएंगे आपके बहुत काम