Rajasthani Feeni Recipe: सावन आते ही बाजार में तरह-तरह की मिठाइयां बनने लगती हैं. ऐसे में एक बहुत ही लजीज राजस्थानी मिठाई ‘फीणी’ भी बाजारों में महंगे दामों में बिकती है. लेकिन, क्या आपको पता है कि ये राजस्थानी मिठाई आप अपने घर पर ही बाजार से कम बजट में बना सकते हैं. फीणी राजस्थान की पारंपरिक मिठाइयों में से एक है. ये अपनी महीन रेशेदार डिजाइन और मुहं में घुल जाने वाले टेस्ट के लिए जानी जाती है. अगर आपको लगता है कि अच्छी फीणी सिर्फ हलवाई ही बनी सकते हैं तो आप गलत हैं. आप भी इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. आइए जानते हैं स्वादिष्ट फीणी बनाने की रेसिपी.
यह भी पढ़ें – Shahi Tukda Recipe: मुंह में घुल जाएगा स्वाद, घर पर बनाएं लजीज मलाईदार शाही टुकड़ा! जानें आसान रेसिपी
राजस्थानी फीणी बनाने की रेसिपी
सामग्री
आटा तैयार करने के लिए
मैदा- 2 कप
देशी घी- 4-5 बड़े चम्मच
कॉर्नफ्लोर – 2 बड़े चम्मच
दूध या पानी जरूरत के अनुसार
तलने के लिए घी/तेल
चाशनी और सजावट के लिए
चीनी- 1 कप
पानी- 1/2 कप
इलायची पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
कुछ केसर के धागे
कुछ कटे हुए बादाम और पिस्ता
फीणी बनाने का तरीका
- सबसे पहले मुलायम आटा बनाने के लिए एक साफ बर्तन में मैदा और घी डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें धीरे-धीरे दूध या पानी डालते हुए सॅाफ्ट आटा गूथ लें. आटा गूथने के बाद आटे को 15 से 20 मिनट के लिए ढक कर रख दें, ऐसा करने से आटा और भी सॅाफ्ट हो जाएगा.
- अब इसके बाद दूसरे बर्तन में घी और कॉर्नफ्लोर को मिक्स करके एक चिकना सा पेस्ट तैयार कर लें. यह पेस्ट ही फीणी को रेशेदार, लेयर्ड और कुरकुरा बनाने में मदद करेगा. पेस्ट जितना सही मात्रा में होगा उतनी ही अच्छे आकार की फीणी बनेगी.
- अब फीणी के महीन रेशे बनाने के लिए आटे की पतली रोटियां बेलें, इसके बाद एक रोटी पर घी-कॉर्नफ्लोर का पेस्ट लगाकर उसके ऊपर दूसरी रोटी रख दें.
- इसी तरह 4-5 परतें तैयार कर लें और फिर इसे रोल कर दें. अब रोल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
- इन टुकड़ों को अब हल्के हाथ से बाहर की तरफ खीचें ताकि महीन रेशे बनें. लेकिन ध्यान रहे कि ये स्टेप हल्के हाथों से बिना ज्यादा दबाव डाले करें वरना रेशे टूट सकते हैं.
- फीणी को तलने के लिए कड़ाही में तेल या घी गर्म करें. फीणी को इसमें डाल कर धीमी या मीडियम आंच पर तलें. ध्यान रहे की आंच को तेज न करें क्योंकि इससे फीणी में बाहर से तो जल्दी रंग आ जाएगा लेकिन अंदर से फीणी कच्ची रह जाएगी.
- चाशनी बनाने के लिए एक पैन में चीनी और पानी को डालकर गर्म करें. फिर इसमें इलायची पाउडर और केसर डालें. इसके बाद गैस बन्द कर दें.
- अब तली हुई फीणी को चाशनी में डुबोएं और ऊपर से बादाम और पिस्ता से गार्निश करें.
फीणी को स्वादिष्ट बनाने के लिए ध्यान रखें ये टिप्स
आटे को बहुत ज्यादा टाइट न गूथें इससे रेशे अच्छे नहीं बनेंगे. इसी के साथ ही घी और कॉर्नफ्लोर का पेस्ट अच्छी तरह फेंटे. फीणी को तलते समय गैस को कम रखें. फीणी के और अच्छे टेस्ट के लिए इसे गर्म दूध के साथ सर्व करें.
यह भी पढ़ें – आलू कुलचा बनाते वक्त बाहर नहीं आएगी स्टफिंग, बिना तंदूर ऐसे कर सकते हैं तैयार