गुलाब जामुन का नाम सुनते ही दिमाग में चाशनी में डूबे हुए मुलायम और मीठे गुलाब जामुन की तस्वीर आती है. पर अगर यही गुलाब जामुन मीठे की जगह मसालेदार ग्रेवी में परोसे जाएं तो, क्या आप खाना पसंद करेंगे? भले ही यह सुनने में आपको अजीब लगे, लेकिन राजस्थान के जोधपुर में गुलाब जामुन की ये अनोखी सब्जी बनाई जाती है. खास बात यह है कि इस सब्जी में बाजार वाली चाशनी में डूबी मिठाई इस्तेमाल नहीं होती. इसके लिए बिना चाशनी वाले, यानी फीके गुलाब जामुन के गोले तैयार किए जाते हैं. इन्हें तेल या घी में तलकर दही, टमाटर, काजू और मसालों से तैयार ग्रेवी में पकाया जाता है. हालांकि, सबका सब्जी बनाने का तरीका अलग होता है, लेकिन बेहतर होगा कि आप इसे हमारे बताए टिप्स की मदद से तैयार करें. स्वाद आपके घर में सबको इतना पसंद आएगा कि आप बार-बार बनाना पसंद करेंगे.
इसे भी पढ़ें- सिर्फ जिम जाना काफी नहीं! हर पुरुष को फिट रहने के लिए अपनानी चाहिए ये 6 आदतें
गुलाब जामुन की सब्जी में क्या खास है?
जोधपुरी स्टाइल की इस डिश में गुलाब जामुन को मिठाई की तरह नहीं बल्कि कोफ्ते की तरह इस्तेमाल किया जाता है. कुछ रेसिपी में खोया और पनीर से गोले बनाए जाते हैं, जबकि आसान तरीके में गुलाब जामुन मिक्स का इस्तेमाल किया जा सकता है. जोधपुर की कुछ स्थानीय फूड लिस्टिंग में भी गुलाब जामुन की सब्जी को दही की ग्रेवी से तैयार किया जाता है.
गुलाब जामुन सब्जी की रेसिपी
सामग्री
- गुलाब जामुन मिक्स- 1 कप
- नमक- स्वादानुसार
- जीरा- थोड़ा
- दूध या पानी- जरूरत के अनुसार
- घी- तलने के लिए
- ग्रेवी के लिए
- टमाटर- 2
- दही- 1 कप
- काजू- 10
- हरी मिर्च- 2
- अदरक- आधा इंच
- जीरा- 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर- 2 छोटे चम्मच
- जीरा पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- हल्दी- आधा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच
- गरम मसाला- आधा चम्मच
- कसूरी मेथी- 1 चम्मच
- तेल- जरूरत से हिसाब से
- नमक- स्वादानुसार
विधि
- गुलाब जामुन मिक्स में स्वादानुसार नमक और थोड़ा जीरा डालें. इसमें धीरे-धीरे दूध या पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें. इसे करीब 10 मिनट ढककर रख दें.
- हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर आटे की छोटी-छोटी गोलियां बना लें. ध्यान रखें कि गोलियां चिकनी हों और उनमें दरार न हो. अब इन्हें हल्की आंच पर तेल या घी में सुनहरा होने तक तल लें.
- तले हुए गोलों को निकालकर अलग रख दें. अब ग्रेवी तैयार करें और टमाटर, काजू, अदरक और हरी मिर्च को पीसकर पेस्ट बना लें. पैन में तेल या घी गर्म करें और उसमें जीरा, लौंग, दालचीनी, इलायची और तेजपत्ता डालें.
- अब टमाटर-काजू का पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और जीरा पाउडर डालें. अब हल्की आंच पर पकाएं और फेंटा हुआ दही डालें.
- इसे लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं. ग्रेवी अच्छी तरह पकने के बाद इसमें जरूरत के हिसाब से पानी डालें और उबाल आने दें. अब तैयार ग्रेवी में तले हुए गुलाब जामुन डालें. इन्हें ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना गोले बहुत नरम होकर टूट सकते हैं.
- इसे लगभग 20 मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें और ऊपर से कसूरी मेथी या बारीक कटा हरा धनिया डालें. बस आपकी सब्जी बनकर तैयार है, जिसे जोधपुरी रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है.
इसे भी पढ़ें- घर पर बनानी है चटपटी स्ट्रीट स्टाइल चाउमीन तो यहां जानिए रेसिपी, बाजार से Chowmein खरीदने का फिर नहीं करेगा मन