Skin Care: क्या आपको लगता है कि रोज इस्तेमाल होने वाला साबुन आपकी स्किन के लिए सही है? लोग अपनी स्किन पर नैचुरल ग्लो पाने के लिए महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स तो खरीदते हैं, लेकिन फिर भी उनकी स्किन पर निखार नहीं आता और इसकी बहुत बड़ी वजह रोज इस्तेमाल होने वाला साबुन हो सकता है. कुछ साबुन में मौजूद केमिकल्स स्किन को और भी रूखा और बेजान बना देते हैं. ऐसे में घर पर केवल दो चीजों से बना हुआ हर्बल साबुन (Herbal Soap) बेहतर विकल्प हो सकता है. आइए जानते हैं कि इस हर्बल साबुन के हमारी स्किन के लिए क्या-क्या फायदे होते हैं और इसे कैसे घर पर ही तैयार किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें- Kajari Teej Mehendi: कजरी तीज पर हाथों पर लगाएं मेहंदी के लेटेस्ट डिजाइन, रचने पर दिखेंगे खूबसूरत
एलोवेरा और नीम का कॉम्बिनेशन है रामबाण
इस हर्बल साबुन को बनाने के लिए हम एलोवेरा और नीम (Aloe Vera and Neem) का इस्तेमाल करेंगे. दोनों ही अपने आप में स्किन के लिए बेस्ट हैं. एलोवेरा स्किन को हाइड्रेट और मॉइस्चराइज रखने में मदद करता है और इसी के साथ स्किन को ठंडक भी देता है. वहीं, दूसरी तरफ नीम में नैचुरली एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल क्वालिटी पाई जाती है जिसकी वजह से ये स्किन की सफाई और देखभाल के लिए मददगार साबित होता है. नीम स्किन को कई तरह के इन्फेक्शन से बचाने में भी भूमिका निभाता है.
हर्बल साबुन के लिए किन चीजों की होगी जरूरत?
500 ग्राम सोप बेस (छोटे टुकड़ों में)
2–3 एलोवेरा की ताजी पत्तियों का जेल
2 बड़े चम्मच नीम पाउडर
1 विटामिन E कैप्सूल
हर्बल साबुन बनाने का आसान तरीका
- अगर आप फ्रेश एलोवेरा का जेल यूज कर रहे हैं तो सबसे पहले एलोवेरा की पत्तियों को अच्छे से धो लीजिए, ताकि उस पर लगा हुआ कोई भी बैक्टीरिया हो तो वो निकल जाए.
- एलोवेरा को धोने के बाद उसके किनारों के कांटों को निकाल दें और जेल को निकाल लें.
- इस निकाले हुए एलोवेरा जेल को मिक्सर में तब तक ब्लेंड करिए, जब तक एक स्मूद पेस्ट न बन जाए.
- अब कटा हुआ सोप बेस लेकर उसे डबल बॉयलर या माइक्रोवेव में धीरे-धीरे पिघला लें.
- पिघले हुए सोप बेस में एलोवेरा जेल, नीम पाउडर और विटामिन E कैप्सूल का तेल डालकर अच्छे से मिक्स कर लें.
- इस तैयार किए गए मिश्रण को सोप मोल्ड में डालें और उसे हल्का टैप करके एयर बबल्स निकाल दें.
- इसको 2 से 4 घंटों तक सेट होने के लिए रख दीजिए.
- साबुन के जमने के बाद उसे मोल्ड से बाहर निकाल लें और बेहतर परिणाम के लिए इसे 24 घंटे और सूखने दें.
हर्बल साबुन का इस्तेमाल करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
साबुन को इस्तेमाल करते वक्त कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है, जैसे साबुन को ठंडी और सूखी जगह पर ही रखें, अगर आप ताजा एलोवेरा जेल इस्तेमाल कर रहे हैं तो साफ एलोवेरा जेल का यूज करें, यदि आपकी स्किन सेंसिटिव है तो साबुन को यूज करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें और इसे आंखों के संपर्क में न आने दें.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.