Milk Purity Test: त्योहारों के दिनों में दूध की मांग बढ़ जाती है. इन दिनों में रोज की जरूरत से ज्यादा दूध खरीदा जाता है. घर में चाय, खीर, सेवइंया, मिठाइयां और अन्य पकवान बनाने में दूध ज्यादा चाहिए होता है. ऐसे में बाजार में दूध की मिलावट भी पहले के मुकाबले ज्यादा होने लगती है. दूध में पानी के अलावा स्टार्च, डिटर्जेंट और यूरिया की मिलावट भी बढ़ जाती है. ऐसे में इस मिलावट की जांच करना जरूरी है. भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण से जानिए दूध की मिलावट (Milk Adulteration) कैसे जांचते हैं. FSSAI ने ऐसे कुछ तरीके बताए हैं जिनसे शुद्ध और मिलावटी दूध के बीच अंतर किया जा सकता है.
दूध शुद्ध है या मिलावटी ऐसे करें जांच | Pure Vs Adulterated Milk Test
दूध में पानी की मिलावट
दूध में पानी की मिलावट जांचने के लिए कांच की किसी ट्रे या प्लेन सर्फेस पर दूध की 1-2 बूंदे डाल दें. अगर दूध एकदम तेजी से नीचे गिरता है और अपने पीछे कोई निशान नहीं छोड़ता है तो यह पानी की मिलावट वाला दूध हो सकता है. अगर दूध गाढ़ा है और धीरे-धीरे नीचे बहता है, साथ ही अपने पीछे सफेद निशान छोड़ता है तो दूध शुद्ध है.
दूध में स्टार्च की मिलावट
दूध में स्टार्च की मिलावट जांचने के लिए 10 मिलीलीटर दूध ले लें. अब दूध में थोड़ा पानी मिलाएं. इसे अच्छे से चम्मच से हिलाएं. इसके बाद देखें कि दूध के ऊपर झाग की परत कैसी है. अगर झाग ना के बराबर है या दूध के ऊपर झाग की पतली परत नजर आ रही है तो दूध मिलावटी नहीं है. अगर दूध पर झाग की मोटी परत दिख रही है तो इसका मतलब है कि दूध में मिलावट हुई है.
आयोडीन से दूध में स्टार्च की जांच
दूध में स्टार्च (Starch In Milk) की मिलावट जांचने के लिए आयोडीन सोल्यूशन से भी जांच की जा सकती है. 2 से 3 मिलीलीटर दूध में 5 मिलीमीटर पानी डालें और उबाल लें. इसके बाद इस दूध को ठंडा कर लें. दूध ठंडा हो जाए तो इसे अलग बर्तन में डालें और इसमें 2 से 3 बूंदे आयोडीन सोल्यूशन या आयोडीन टिंचर की डाल लें. अगर दूध शुद्ध होगा तो उसका रंग नहीं बदलेगा और अगर दूध मिलावटी होगा तो दूध का रंग नीला हो जाएगा या उसका रंग पूरी तरह बदल जाएगा.
दूध में यूरिया है या नहीं जांचने के लिए एक टेस्टट्यूब में एक चम्मच भरकर दूध ले लें. अब इसमें आधा चम्मच सोयाबीन या अरहर दाल का पाउडर डाल दें. अब टेस्टट्यूब के ऊपर अंगूठा रखें और इसे अच्छे से हिलाएं. अब 5 मिनट इंतजार करें. अब रेड लिटमस पेपर लेकर इस टेस्टट्यूब में डालें. आधा मिनट या 30 सेकंड रुकें. रेड लिटमस पेपर को हटा लें. दूध अगर शुद्ध होगा तो रेड लिटमस पेपर का रंग नहीं बदलेगा, अगर दूध में मिलावट होगी तो रेड लिटमस पेपर का रंग नीला हो जाएगा.
दूध में डिटर्जेंट की जांच
एक कांच का गिलास या कप लें और उसमें 5 से 10 मिलीमीटर दूध डालें. अब चम्मच से इस दूध को अच्छे से हिलाएं. जिस दूध में थोड़ा भी झाग नहीं बनेगा वो शुद्ध दूध होगा और जिस दूध में बबल्स बनने लगेंगे या झाग नजर आएगा वो मिलावटी दूध (Milawati Doodh) होगा.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.