Soft Puri Recipe: दीपावली का त्योहार हो तो घर में पकवानों की खुशबू बनी रहती है. घर में कुछ मीठा तो कुछ नमकीन बनता रहता है. खासतौर से पूड़ियां जरूर बनाई जाती हैं. त्योहार में सब्जी चाहे कोई भी हो, पूड़ियां खाने का मजा ही कुछ और होता है. लेकिन, कई बार पूड़ी तलने के कुछ ही देर बाद कुरकुरी हो जाती है और मुलायम नहीं रहती. वहीं, कई बार गर्म पूड़ियां भी पपड़ी जैसी सख्त बनने लगती हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है तो यहां जान लीजिए हैक्स. इस तरह हर बार स्वादिष्ट और मुलायम पूड़ियां बना सकेंगे आप.
कैसे गूंथें पूड़ी का आटा
मुलायम पूड़ी बनाने के लिए पूड़ी का आटा भी सही तरह से लगाना जरूरी होता है. इसके लिए आटे में तेल या घी डालें और नमक डाल लेने के बाद हल्के गुनगुने पानी से आटा गूंथें. इस बात का ध्यान रखें कि पूड़ी का आटा रोटी के आटे से ज्यादा सख्त होना चाहिए. अगर पूड़ी का आटा मुलायम होगा तो पूड़ियां ज्यादा तेल सोख लेंगी.
पूड़ी का आटा गूंथ लेने के बाद इसे 10 से 15 मिनट अलग रेस्ट करने दें. तुरंत इस आटे से पूड़ियां ना बनाएं. आटे को रेस्ट देने के बाद उसे बेला जाए तो पूड़ियां बेलनी आसान हो जाती हैं.
लोई बनाने से पहले एकबार फिर आटे को थोड़ा मसल लें. अब आटे से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. जब लोई बनाएं तो देख लें कि वो सख्त ना हों और उनमें किसी तरह की दरारें ना हों.
पूड़ियां बेलते समय इस बात का ध्यान रखें कि पूड़ी बेलने पर हर तरफ से एक-बराबर मोटी हो. बहुत पतली पूड़ी ना बेलें और बहुत ज्यादा मोटी भी नहीं. ज्यादा पतली पूड़ी बेली जाए तो वह कुरकुरी हो जाती है और अगर ज्यादा मोटी हो जाए तो अंदर से पकती नहीं है.
पूड़ियों को तलते समय ध्यान रखें कि तेल अच्छे से गर्म हो जाए. गर्म तेल में पूड़ी डालकर उसे कलछी से हल्का-हल्का दबाते हुए तलें. इससे पूड़ियां फूलने लगती हैं. दोनों तरफ से पूड़ियां हल्की सुनहरी रंग की हो जाएं तो उन्हें छानकर निकाल लें.
इन टिप्स से भी सॉफ्ट रहेंगी पूड़ियां
- पूड़ी के आटे को बहुत ज्यादा मुलायम या बहुत ज्यादा सख्त ना गूंथें.
- आटा गूंथते हुए थोड़ा तेल या घी डालने पर पूड़ियां देखने में अच्छी लगती हैं.
- पूड़ी बेलते समय सूखे आटे के बजाय तेल का इस्तेमाल करें ताकि वो चकले पर ना चिपके.
- बहुत ठंडे या बहुत गर्म तेल में पूड़ियां ना तलें. तेल का तापमान सही रखें.
- पूड़ियों को तलने के बाद टिशू पेपर या पेपर टावल पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा ऑयल निकल जाए.
- पूड़ियां तल लेने के बाद उन्हें ठंडा होने से पहले ही किसी सूती कपड़े से ढककर रखें. इससे पूड़ियां सूखती नहीं हैं और मुलायम रहती हैं.
यह भी पढ़ें – Diwali Mehendi Designs: इस दिवाली हाथों पर रचाएं खूबसूरत मेहंदी, ये डिजाइन हैं सबसे खास