लोगों को कैफे में दोस्तों के साथ बैठकर कॉफी पीना तो बहुत पसंद होता है, लेकिन जब मेन्यू में से ऑर्डर करने की बारी आती है तो ज्यादातर लोगों की हवाइयां उड़ जाती हैं. इतनी अलग-अलग तरह की कॉफी में लोग अक्सर कन्फ्यूज हो जाते हैं, इसलिए वो हमेशा ऑर्डर करने से कतराते हैं. खासकर जब ऑर्डर लेते वक्त वेटर भी आपसे कॉफी का नाम पूछता है, तब भी लोग कन्फ्यूज हो जाते हैं. लेकिन आप अगर एक बार ये कॉफी गाइड देख लेंगे तो आज के बाद कॉफी ऑर्डर करते समय झिझकेंगे नहीं. इस लेख में बताए गए टिप्स को अपनाएं और अपनी दोस्तों के साथ हुई मुलाकात को इंजॉय करें.
इसे भी पढ़ें- जींस की कमर सही है, फिर भी पीछे से अजीब क्यों लगती है? खरीदते वक्त ये चीजें जरूर चेक करें
अमेरिकानो कॉफी
सीधी भाषा में समझें तो इस कॉफी में कॉफी तेज होती है, लेकिन दूध बिल्कुल नहीं होता है. इसे एस्प्रेसो में गर्म पानी मिलाकर तैयार किया जाता है. इस कॉफी की खासियत ही यही है कि इसमें दूध या दूध के झाग का इस्तेमाल नहीं होता है. इसका टेस्ट नॉर्मल कॉफी के मुकाबले ज्यादा बोल्ड और स्ट्रांग होता है. अगर आपको दूध या फिर ज्यादा मिठास नहीं पसंद है, तो आपके लिए ये विकल्प एकदम बेस्ट है.
लाटे कॉफी
लाटे में दूध की मात्रा ज्यादा होती है. इसको बनाते वक्त अच्छी-खासी मात्रा में गर्म दूध और ऊपर से बहुत पतली दूध की झाग भी डाली जाती है. इसका स्वाद कैपेचीनो की तुलना में ज्यादा हल्का होता है क्योंकि इसमें दूध की मात्रा उससे ज्यादा होती है. जो लोग पहली बार कैफे की कॉफी ट्राय कर रहे हैं या फिर जिन्हें ज्यादा कॉफी पीने का शौक नहीं है, तो आप लाटे कॉफी ट्राई कर सकते हैं. इसके स्वाद में कॉफी की मिठास भी होती है.
कैपेचीनो कॉफी
कैपेचीनो आमतौर पर ऐसी कॉफी होती है जिसमें दूध की मात्रा मीडियम होती है. इसको बनाने के लिए एस्प्रेसो, गर्म दूध और दूध की झाग को लगभग एक ही मात्रा में रखा जाता है. ये लाटे से अलग है क्योंकि इसमें जो झाग की परत होती है वो ज्यादा मोटी होती है और कॉफी का स्वाद ज्यादा उभरा रहता है. इसके ऊपर जो झाग होता है वो सिर्फ सजावट के लिए नहीं होता है इससे भी एक अलग स्वाद आता है.
मोका कॉफी
अगर आपको कॉफी में चॉकलेट का स्वाद पसंद है, तो आपको मोका कॉफी पसंद आएगी. इसे बनाने के लिए एस्प्रेसो और दूध के साथ चॉकलेट को भी मिलाया जाता है. इसलिए इसका स्वाद सिर्फ एक नॉर्मल कॉफी जैसा नहीं होता है बल्कि इसमें चॉकलेट की मिठास भी महसूस होती है. अलग-अलग जगह के कैफे के हिसाब से इसमें इस्तेमाल होने वाली चॉकलेट सिरप, सॉस या कोको के हिसाब से इसका स्वाद बदल सकता है. अगर आप चॉकलेट के शौकीन हैं तो आपको मोका कॉफी जरूर ट्राई करनी चाहिए.
एस्प्रेसो
अगर आपको बहुत ही गाढ़ी और कड़क कॉफी पीना पसंद है तो एस्प्रेसो आपके लिए बेस्ट रहेगी. एस्प्रेसो में मशीन की मदद से गर्म पानी को कॉफी बीन्स के पाउडर से दबाव डालकर निकाला जाता है. एस्प्रेसो दूसरी कॉफी का बेस भी बनती है. इसका टेस्ट कुछ लोगों को कड़वा भी लग सकता है.
कोल्ड ब्रू
जो लोग कम कॉफी पीना पसंद करते हैं या सिर्फ कभी-कभार ही कॉफी पीते हैं उनके लिए कोल्ड ब्रू बेस्ट ऑप्शन है. इसे बनाने के लिए ठंडे पानी में कॉफी को करीब 12 से 24 घंटे तक भिगोकर और छानकर बनाया जाता है. इसका स्वाद कम कड़वा और नेचुरली मीठा होता है. ठंडी होने की वजह से ये और भी अच्छी लगती है.