हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Gyanesh KumarsirBigg Boss 20

महिलाएं या पुरुष, नौकरी के दौरान सफर में कौन करता है ज्यादा खर्च; NSO के सर्वे में हैरान करने वाला खुलासा

NSO के पहले नेशनल हाउसहोल्ड ट्रैवल सर्वे में सामने आया कि काम के लिए महिलाएं पुरुषों के मुकाबले कम दूरी तय करती हैं और उनका खर्च भी कम है.

विज्ञापन
NSO सर्वे के मुताबिक काम के लिए पुरुषों के मुकाबले महिलाएं कम दूरी तय करती हैं. (Image- AI Generated)

महिलाएं आज लगभग हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर काम कर रही हैं. लेकिन काम के सिलसिले में सफर करने के मामले में अभी भी पुरुषों और महिलाओं के बीच बड़ा अंतर देखने को मिलता है. पुरुष जहां काम के लिए ज्यादा दूरी तय करते हैं, वहीं महिलाओं का सफर कम होता है और इस पर उनका खर्च भी कम रहता है. यह बात हम नहीं, बल्कि नेशनल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस (NSO) के पहले नेशनल हाउसहोल्ड ट्रैवल सर्वे के आंकड़े बता रहे हैं. सर्वे में 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के कामकाजी लोगों के सफर और उस पर होने वाले खर्च को लेकर कई अहम बातें सामने आई हैं.

काम के लिए कम दूरी तय करती हैं महिलाएं

सर्वे के मुताबिक, 15 साल और उससे ज्यादा उम्र की सिर्फ 41.9% कामकाजी महिलाएं ऐसी हैं, जो काम पर जाने के लिए 1 किलोमीटर या उससे ज्यादा दूरी तय करती हैं. वहीं पुरुषों में यह आंकड़ा 61.9% है. यानी काम के लिए घर से बाहर निकलकर सफर करने वाली महिलाओं का आंकड़ा पुरुषों के मुकाबले काफी कम है. इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं. सुरक्षा से जुड़ी चिंता, आसपास परिवहन की सुविधा न होना और घर की जिम्मेदारियां ऐसी वजहें हैं, जिनके चलते महिलाएं अक्सर घर के आसपास ही काम करना पसंद करती हैं.

गांवों में ज्यादा बड़ा अंतर

महिलाओं और पुरुषों के बीच यह अंतर ग्रामीण इलाकों में और ज्यादा दिखाई देता है. गांवों में सिर्फ 37.7% कामकाजी महिलाएं ही ऐसी हैं, जो काम के लिए घर से बाहर सफर करती हैं. वहीं पुरुषों में यह आंकड़ा 59.6% है. सफर पर होने वाले खर्च में भी बड़ा अंतर है. एक ग्रामीण महिला अपने काम की जगह तक पहुंचने के लिए महीने में औसतन 307 रुपये खर्च करती है. इसके मुकाबले पुरुषों का मासिक खर्च 607 रुपये है. यानी ग्रामीण महिलाओं का सफर पर खर्च पुरुषों के मुकाबले आधे से भी कम है. शहरी इलाकों में भी दोनों के खर्च में अंतर बना हुआ है. यहां काम के लिए सफर करने वाली महिलाओं का औसत मासिक खर्च 884 रुपये है, जबकि पुरुषों का खर्च 1,076 रुपये है.

विज्ञापन

सफर करने का तरीका भी अलग

सर्वे में यह भी सामने आया कि काम के लिए महिलाएं और पुरुष अलग-अलग साधनों का इस्तेमाल करते हैं. शहरों में 21.7% कामकाजी महिलाएं बस से सफर करती हैं. वहीं 57% पुरुष काम पर जाने के लिए दोपहिया वाहन का इस्तेमाल करते हैं. इससे पता चलता है कि महिलाओं के कामकाजी सफर में सार्वजनिक परिवहन की भूमिका ज्यादा है, जबकि पुरुष निजी वाहन, खासकर दोपहिया वाहनों पर ज्यादा निर्भर हैं.

बच्चों की पढ़ाई पर भी खर्च

सर्वे में बच्चों के स्कूल आने-जाने पर होने वाले खर्च का भी जिक्र है. आंकड़ों के मुताबिक, परिवार एक लड़की के स्कूल आने-जाने पर हर महीने औसतन 423 रुपये खर्च करते हैं. वहीं लड़के के स्कूल आने-जाने पर यह खर्च 460 रुपये है. कुल मिलाकर, सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि कामकाजी महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के बावजूद उनके सफर की दूरी, सफर के तरीके और उस पर होने वाला खर्च पुरुषों से अलग है. खासकर ग्रामीण इलाकों में यह अंतर काफी बड़ा नजर आता है.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola