कौन हैं सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी? जिनकी आपत्तियों से चुनाव आयोग विपक्ष के निशाने पर

Who Are Sukhbir Singh Sandhu and Vivek Joshi: चुनाव आयोग में अंदरूनी मतभेद की खबरों के बीच विपक्ष लगातार हमलावर है. रिपोर्ट के अनुसार दो चुनाव आयुक्तों ने 14 बार फैसलों पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई. जानिए कौन हैं चर्चा में आए चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी.

Sukhbir Singh Sandhu, Vivek Joshi, Election Commission, Election Commission of India

चुनाव आयोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी की तीन सदस्यीय संस्था है.

विज्ञापन

Who Are Sukhbir Singh Sandhu and Vivek Joshi: भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) इन दिनों दिल्ली में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मामलों पर अंदरूनी मतभेद की खबरों और विपक्ष के हमलों को लेकर सुर्खियों में है. हालांकि निर्वाचन आयोग ने मतभेद की इन सभी खबरों का औपचारिक खंडन किया है, लेकिन एक मीडिया रिपोर्ट के खुलासे के बाद सियासी पारा चढ़ गया है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले करीब 10 महीनों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आयोग के कई फैसलों पर कम से कम 14 बार लिखित असहमति जताई थी.

क्या है पूरा विवाद?

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की शुरुआत जून 2025 में बिहार से हुई थी और बाद में इसे अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में लागू किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों आयुक्तों ने नए वोटरों के रजिस्ट्रेशन, सूची से नाम हटाने और आईटी सिस्टम के केंद्रीकरण जैसे मामलों पर लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं. कुछ कदमों को उन्होंने नियमों के दायरे से बाहर बताया और कहा कि कई फैसलों की पूर्व जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी. इस खुलासे के बाद कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दल आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं.

विज्ञापन

कौन हैं सुखबीर सिंह संधू?

15 मार्च 2024 को चुनाव आयुक्त का पद संभालने वाले डॉ.सुखबीर सिंह संधू 1988 बैच के उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रहे हैं. निर्वाचन आयुक्त बनने से पहले वह उत्तराखंड के मुख्य सचिव और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के चेयरमैन रह चुके हैं. उन्होंने केंद्र में उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त सचिव और लोकपाल के सचिव के रूप में भी सेवा दी है. संधू ने अमृतसर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय से इतिहास में मास्टर डिग्री व कानून की पढ़ाई की है. डॉ.सुखबीर सिंह संधू हॉकी के खिलाड़ी रहे हैं और उत्तराखंड की प्रसिद्ध ‘ब्लैक पीक’ पर करीब 22 हजार फीट की ऊंचाई तक सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुके हैं.

अपने प्रशासनिक करियर में डॉ. संधू ने हरिद्वार, गौतम बुद्ध नगर और ऊधम सिंह नगर जैसे अहम जिलों में बतौर DM सेवाएं दीं. उन्होंने 2007 से 2014 के बीच तीन अलग दलों से जुड़े चार मुख्यमंत्रियों के प्रमुख सचिव के तौर पर काम किया.

विज्ञापन

कौन हैं विवेक जोशी?

चुनाव आयोग में फैसलों पर आपत्तियों को लेकर छिड़े सियासी घमासान के बीच चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी चर्चा में हैं. 1989 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी डॉ. जोशी ने 19 फरवरी 2025 को चुनाव आयुक्त का पदभार संभाला था. इससे पहले वह हरियाणा के मुख्य सचिव पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे. डॉ. जोशी के पास प्रशासनिक सेवा का लंबा अनुभव है. केंद्र सरकार में वह कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के सचिव, वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के सचिव और भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त जैसे शीर्ष पदों पर रह चुके हैं.

इसके अतिरिक्त उन्होंने कपड़ा, महिला एवं बाल विकास और वित्त मंत्रालयों में भी काम किया है. राज्य स्तर पर वह जींद, हिसार और पंचकूला के उपायुक्त तथा अंबाला मंडल के आयुक्त रहे. साथ ही, वह हरियाणा राज्य वित्त आयोग के सदस्य सचिव और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) व भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बोर्ड सदस्य भी रह चुके हैं.

विज्ञापन

क्यों चर्चा में है चुनाव आयुक्तों की भूमिका?

चुनाव आयोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी की तीन सदस्यीय संस्था है. एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संधू और जोशी ने नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम जोड़ने-हटाने के नियमों और डेटा से जुड़े आईटी तंत्र के केंद्रीकरण जैसे मुद्दों पर लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं. तीन सदस्यीय आयोग में दो आयुक्तों के इन सवालों के सामने आने के बाद सियासी गलियारों में बहस तेज हो गई है.

किन मामलों पर जताई गईं आपत्तियां?

सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोनों आयुक्तों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और संबंधित अधिकारियों को भेजी आपत्तियों में मुख्य रूप से इन बिंदुओं को उठाया:

विज्ञापन
  • फॉर्म-6 में बदलाव: नए वोटरों के पंजीकरण वाले फॉर्म-6 में बिना कानूनी संशोधन के नए नियम जोड़े गए, जिसे संधु ने ‘अवैध और अनधिकृत’ करार दिया.
  • वोटर लिस्ट डेटाबेस की सुरक्षा: जोशी ने आशंका जताई कि वोटर लिस्ट के आईटी सिस्टम का ऐसा केंद्रीयकरण हो रहा है, जिससे जमीनी अफसरों की भूमिका कमजोर हो रही है.
  • बिना जानकारी के अपील: अदालती आदेशों के जरिए जोड़े गए नामों को दोबारा चुनौती देने की प्रक्रिया में दोनों आयुक्तों को अंधेरे में रखा गया.

हालांकि विवाद सामने आने के बाद आयोग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि निर्वाचन आयोग के सभी फैसले सर्वसम्मति से ही लिए जाते हैं.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vijay Jain

Vijay Jain

विजय कुमार न्यूज 24 में बतौर सीनियर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. विजय कुमार ने अपने पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रिंट मीडिया के साथ की. अपने 23 साल के करियर में वह दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं. विजय कुमार राजनीति, चुनाव, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. विजय कुमार ने दैनिक भास्कर में रिपोर्टिंग के दौरान स्टिंग ऑपरेशन भी किए. 23 साल के अनुभव के दौरान विजय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में डेस्क जर्नलिस्ट रहते हुए की. विजय कुमार को 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की ग्राउंड कवरेज का अनुभव है. ग्रामीण उद्योगीकरण में स्नातक की डिग्री होने के कारण विजय कुमार को ग्रामीण इलाकों की समस्याओं और उनसे जुड़ी कवरेज का खासा अनुभव है. अपने लेख के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है. पत्रकारिता में अनुभव: 23 साल योग्यता, डिग्री / अन्य उपलब्धियां: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रामीण उद्योगीकरण विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की है. विजय कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2017 में 'श्रीफल जर्नलिज्म नेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ